राज्‍यसभा में नई वर्दी पर हंगामे के बाद मार्शल फिर से पुरानी ड्रेस में आए नजर

Last Updated 25 Nov 2019 01:14:09 PM IST

राज्यसभा में मार्शल सोमवार को सेना जैसी वर्दी के बजाय सामान्य बंद गले के सूट में नजर आए लेकिन उनके सर पर पगड़ी नहीं थी।


पिछले सोमवार को, आसन के समीप मौजूद रहने वाले दोनों मार्शल गहरे रंग की सेना जैसी वर्दी तथा पी-कैप पहने हुए थे।            

नयी वर्दी की कुछ संसद सदस्यों तथा सेना के कुछ पूर्व अधिकारियों की ओर से आलोचना किये जाने के बाद सभापति एम वेंकैया नायडू ने मार्शलों के ड्रेस कोड की समीक्षा के आदेश दिए थे।        

आज सदन की बैठक शुरू होने पर आसन के दोनों ओर खड़े रहने वाले मार्शल सेना जैसी वर्दी के बजाय गहरे रंग के सामान्य बंद गले के सूट में नजर आए। बहरहाल, उनके सर पर पगड़ी नहीं थी।        

सेना जैसी वर्दी के बारे में राज्यसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया था कि पहले वाली वर्दी को लेकर, खास कर सर पर पहनी जाने वाली पगड़ी को लेकर मार्शल भी खुश नहीं थे। इसलिए वर्दी में बदलाव किया गया।        

नयी वर्दी का डिजाइन नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी) ने तैयार किया था।        

सूत्रों ने यह भी कहा था कि तीन चार विधानसभा के मार्शलों की वर्दी का अध्ययन करने के बाद उच्च सदन के मार्शलों की नयी वर्दी डिजाइन की गई थी।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment