गांधी परिवार से SPG सुरक्षा वापस लिए जाने के खिलाफ कांग्रेस का लोकसभा में हंगामा

Last Updated 19 Nov 2019 11:57:43 AM IST

गांधी परिवार से एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के विरोध में कांग्रेस सदस्यों ने मंगलवार को लोकसभा में हंगामा किया। वहीं राज्यसभा में वामदलों और कांग्रेस के सदस्यों के शोर शराबे के कारण शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो सका और सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गयी।


संसद (फाइल फोटो)

शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए।     

इसके बाद द्रमुक के सदस्य भी कांग्रेस के समर्थन में आसन के समीप पहुंच कर नारेबाजी करने लगे।    

कांग्रेस और द्रमुक के सदस्यों ने ‘बदले की राजनीति बंद करो’, ‘एसपीजी के साथ राजनीति करना बंद करो’ और ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाए।      

गौरतलब है कि हाल ही में सरकार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी। अब उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है।       

लोकसभा में बसपा के कुंवर दानिश अली ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों पर पुलिस द्वारा कथित तौर पर बल प्रयोग करने का मुद्दा उठाने का प्रयास किया।       

नेशनल कांफ्रेस के हसनैन मसूदी भी आसन के समीप खड़े हुए दिखाई दिए।      

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में शोरगुल के बीच प्रश्नकाल आरंभ किया जिसकी शुरुआत किसानों की आय 2022 तक दोगुना करने संबंधी प्रश्नों से हुई।      

बिरला ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से अपने स्थान पर जाने की अपील करते हुए कहा कि किसानों के विषय पर चर्चा हो रही है और ऐसे में सदन में हंगामा अच्छी परंपरा नहीं है।

लोकसभा अध्यक्ष की अपील के बाद भी सदन में हंगामा जारी रहा। नारेबाजी के बीच ही बिरला ने प्रश्नकाल को आगे बढ़ाया।

राज्यसभा में हंगामा, नहीं हुआ शून्यकाल और प्रश्नकाल

राज्यसभा में मंगलवार को वामदलों और कांग्रेस के सदस्यों के शोर शराबे के कारण शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो सका और सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गयी।

सभापति एम. वेंकैया नायडू ने सुबह सदन की कार्यवाही शुरू करते हुए जरूरी दस्तावेज पटल पर रखवाये और कहा कि कुछ सदस्यों ने नियम 267 के तहत चर्चा कराने के नोटिस दिये हैं जिन्हें अस्वीकार कर दिया गया है।

इस पर कांग्रेस के राजीव गौडा और उनके दल के अन्य सदस्य तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विनय विस्वम तथा वाम दलों के अन्य सदस्यों ने जोर जोर से बोलना शुरू कर दिया। इससे सदन में शोर शराबे की स्थिति बन गयी।

सभापति ने सदस्यों से शांत होने की अपील करते हुए कहा कि इस तरह से किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं करायी जा सकती और सदस्यों को शून्यकाल चलने देना चाहिए।

उन्होंने शून्यकाल शुरू करते हुए समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव का नाम पुकारा। इस बीच सदस्यों का हंगामा जारी रहा तो उन्होंने कहा कि इस स्थिति में सदन नहीं चलाया जा सकता और उन्होंने सदन शुरू होने के मात्र 10 मिनट के भीतर कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।

कांग्रेस के सदस्यों ने अर्थव्यवस्था की हालत और वामदलों के सदस्यों ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में शुल्क वृद्धि के मामले पर चर्चा कराने के नोटिस दिये थे।

भाषा/वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment