हम राम मंदिर निर्माण के पक्षधर हैं: कांग्रेस

Last Updated 09 Nov 2019 01:05:36 PM IST

कांग्रेस ने अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि विवाद को लेकर उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि पार्टी राममंदिर के निर्माण की पक्षधर है और न्यायालय ने जो फैसला दिया है सभी समुदाय के लोगों को देश के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों का सम्मान करते हुए उसको स्वीकार करना चाहिए।


कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला

अयोध्या में मंदिर निर्माण को लेकर उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगाई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले के बाद कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी न्यायालय के फैसले का सम्मान करती है और सभी समुदाय के लोगों से सौहार्द, धर्मनिरपेक्षता और सद्भाव की भारतीय परंपरा को बनाए रखने का आग्रह करती है।

उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई कार्य समिति की बैठक हुई जिसमें फैसला लिया गया ‘‘न्यायालय ने हमारी आस्था और विश्वास को बनाए रखने का काम किया है। कांग्रेस राम मंदिर के पक्ष में है। पार्टी ने पहले भी कहा था कि जो फैसला न्यायालय का होगा उसका सम्मान किया जाएगा।’’

सुरजेवाला ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि इस फैसले से राम मंदिर के निर्माण के द्वार तो खुल गये हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी के राम के नाम पर राजनीति करने के सभी द्वार भी बंद हो गये हैं। फैसले का सभी लोगों और समुदाय को सम्मान करना चाहिए। यह फैसला किसी व्यक्ति या समुदाय के पक्ष में नहीं है। इस जमीन को 1993 में कांग्रेस की सरकार ने अधिगृहीत किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘राम आस्था का प्रतीक हैं, सत्ता के भोग का नहीं। राम त्याग हैं, राम करुणा हैं, राम प्रेम है, राम सदाचार हैं, राम सर्वधर्म समभाव हैं, राम भाईचारा है। राम का नाम समाज को बांटने के लिए नहीं हो सकता, जो यह करता है वह श्रीराम की परंपरा को नहीं समझता है।’’

प्रवक्ता ने कहा कि कुछ व्यक्ति और राजनीतिक दल भगवान श्री राम के नाम का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए समय-समय पर करते आए हैं लेकिन आज के निर्णय से यह तय हो गया है कि राम के नाम का इस्तेमाल जो लोग सत्ता के भोग के लिए करना चाहते थे उनके द्वार इस निर्णय ने सदैव के लिए बंद कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि न्यायालय ने आस्था और विश्वास का सम्मान किया है। कांग्रेस भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण की पक्षधर है और कार्य समिति में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया है।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment