जीसी मुर्मु जम्मू-कश्मीर और आरके माथुर लद्दाख के पहले उपराज्यपाल नियुक्त, 31 अक्टूबर को लेंगे शपथ

Last Updated 26 Oct 2019 10:36:09 AM IST

केंद्र सरकार के मौजूदा व्यय सचिव गिरीश चंद्र मुमरू और पूर्व रक्षा सचिव राधा कृष्ण माथुर को क्रमश: जम्मू कश्मीर और लद्दाख का उप राज्यपाल नियुक्त किया गया है।


ये दोनों 31 अक्टूबर को उपराज्यपाल पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि जम्मू-कश्मीर के वर्तमान राज्यपाल सत्यपाल मलिक को गोवा का राज्यपाल बनाया गया है।

मुमरू गुजरात काडर के 1985 बैच के अधिकारी हैं। वहीं त्रिपुरा काडर के 1977 बैच के अधिकारी माथुर रक्षा सचिव के तौर पर कार्य कर चुके हैं और पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) हैं। 

मुमरू इस वर्ष नवंबर में सेवानिवृत्त होने वाले थे। वहीं माथुर गत वर्ष नवंबर में केंद्रीय सूचना आयोग से सेवानिवृत्त हुए थे। दोनों केंद्र शासित प्रदेश 31 अक्टूबर को अस्तित्व में आ जाएंगे। मोदी सरकार ने गत पांच अगस्त को जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त कर दिए थे और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांट दिया था।

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक अन्य आदेश के अनुसार गुप्तचर ब्यूरो के पूर्व प्रमुख एवं केंद्र सरकार की ओर से जम्मू कश्मीर के लिए नियुक्त वार्ताकार किए गए दिनेर शर्मा को लक्षद्वीप का प्रशासक नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भाजपा केरल इकाई अध्यक्ष पीएस श्रीधरन पिल्लई को मिजोरम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। असम के राज्यपाल जगदीश मुखी मिजोरम का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment