हरियाणा : अमित शाह ने आईटीबीपी का कार्यक्रम रद्द किया, खट्टर को बुलाया दिल्ली

Last Updated 24 Oct 2019 12:28:44 PM IST

हरियाणा विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच करीबी मुकाबले के चलते भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने खट्टर को दिल्ली बुलाया है।


हरियाणा विधानसभा चुनाव में अब तक प्राप्त रूझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने के चलते गुरुवार को यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आधिकारिक आवास पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

मतगणना में भाजपा और कांग्रस के बीच कांटे का मुकाबला चल रहा है।सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने खट्टर को दिल्ली बुलाया है।

फरीदाबाद के सांसद किशन पाल गुर्जर ने कहा, "मनोहर लाल खट्टर दिल्ली पहुंच चुके हैं और पार्टी हाई कमान से चर्चा कर रहे हैं।"

गृह मंत्री शाह को आईटीबीपी के एक कार्यक्रम में शामिल होना था। अर्धसैनिक बल का यह कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा में हो रहा है।

भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की ओर समर्थन को लेकर नजर जमाए हुए है।

खबरों के अनुसार, शाह ने राष्ट्रीय राजधानी में रणनीति बनाने के लिए मनोहर लाल खट्टर को भी बुलाया है। शाह दोपहर को भाजपा कार्यलाय पहुंच सकते हैं।

इस बीच, दुष्यंत चौटाला तक पहुंचने के लिए पहले से ही प्रयास किए जा रहे हैं। चौटाला ने हाल ही में दावा किया था कि राज्य में उनकी पार्टी के पास ही सत्ता की चाबी होगी।

संयोग से जेजेपी पार्टी का चुनाव चिह्न भी चाबी ही है। हलांकि, आधिकारिक रूप से भाजपा ने इस प्रकार के प्रयासों की बात का खंडन किया है।

90 सीटों वाली विधानसभा में रूझानों के अनुसार, भाजपा (37) और कांग्रेस (31) दोनों में से कोई भी खुद से सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है। जेजेपी 7 और निर्दलीय 6 पर बढ़त बनाए हुए है। मतगणना अभी जारी है।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment