पुलिस स्मृति दिवस : पीएम मोदी व अमित शाह ने शहीदों को किया नमन

Last Updated 21 Oct 2019 10:59:07 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्त्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले जांबाज पुलिसकर्मियों को सोमवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नमन किया।


मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘हम अपने पुलिस बलों के जवानों और उनके परिजनों को नमन करते हैं और आज पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को गर्व के साथ याद कर रहे हैं। हमारे पुलिसकर्मी अत्यंत पराक्रम के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं। उनका शौर्य हमें हमेशा प्रेरणा देता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय पुलिस स्मारक गत वर्ष देश को समर्पित किया गया था। यह स्मारक प्रेरणा और कृतज्ञता का केंद्र है। यह हमें हमारे पुलिस बलों की वीरता की याद दिलाता है। जब भी संभव हो, राष्ट्रीय पुलिस स्मारक जरूर जायें।’’



केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस पर राष्ट्रीय पुलिस स्मारक जाकर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शाह ने इस मौके पर पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों और उनके परिजनों के प्रति समूचे राष्ट्र की ओर से कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के निस्वार्थ भाव से औऱ निश्चय के साथ राष्ट्र सेवा करने के कारण ही देश बिना किसी अड़चन के प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

 

पुलिस के जवान सीमाओँ की सुरक्षा से लेकर आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर नक्सलियों और उग्रवादियों के साथ लोहा ले रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में वे आतंकवादियों के दांत खट्टे कर रहे हैं। मानव तस्करी, मादक पदाथरें तथा जाली मुद्रा की तस्करी पर अंकुश लगाने का काम भी पुलिस कर रही है। अब तक 34844 पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है और इस सूची में आज 292 शहदों के नाम और जुड़ गये हैं। उन्होंने कहा कि देश में अभी एक लाख की आबादी पर 144 पुलिसकर्मी हैं। इस कारण पुलिसकर्मियों पर दबाव है और उन्हें लंबे समय तक ड्यूटी करनी पड़ती हैं। सरकार उनकी इस समस्या का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार उनके कल्याण के लिए अनेक योजना बना रही है और उन्हें कर्त्तव्य निर्वहन के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध करा रही। उन्होंने जावनों को आश्वस्त किया कि उनके स्वास्थ्य, परिजनों की सुविधा और निवास की जरूरतों को पूरा करने में सरकार पीछे नहीं हटेगी।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को चीन से लगी सीमा पर अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए 10 जांबाज पुलिसकर्मियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्ही की याद में हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

शाह ने इस मौके पर परेड की सलामी ली और उलेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया।
 

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment