पांच साल में दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मान : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका की एक सप्ताह की यात्रा से लौटने पर शनिवार रात कहा कि पिछले पांच साल के दौरान दुनिया की नजरों में भारत का सम्मान बढ़ा है और पूरी दुनिया भारत एवं अमेरिका के बीच बढ़े संबंधों को नए वैश्विक समीकरण के रूप में देखने लगी है।
![]() अमेरिका से लौटे पीएम मोदी का पालम एयरपोर्ट पर पुष्पवर्षा कर स्वागत करते लोग। |
मोदी ने अमेरिका से लौटने के बाद शनिवार को यहां पालम टेक्नीकल एरिया वायुसेना के हवाई अड्डे के बाहर उनके सम्मान के लिए पहुंचे प्रशंसकों को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम के जरिए जिस तरह से दुनिया में भारत की शक्ति का संदेश पहुंचा है, उससे दुनिया का भारत के प्रति नजरिया बदला है तथा देश के प्रति स्वीकृति बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि 2014 में सरकार बनने के बाद वह अमेरिका गए थे और तब भी संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन में शामिल हुए थे और इस बार भी वह चुनाव जीतने के बाद सम्मेलन में गए। उन्होंने कहा कि इस बार उन्होंने देखा कि भारत का दुनिया में जबरदस्त मान-सम्मान बढ़ा है।
सर्जिकल स्ट्राइक को किया याद : प्रधानमंत्री ने तीन वर्ष पहले आज ही के दिन हुई सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए कहा, ‘‘आज से तीन साल पहले 28 सितम्बर को पूरी रात सोया नहीं था। हर पल जागता रहा कि टेलीफोन की घंटी कब बजेगी। वह पल भारत के बीर जवानों की स्वर्णिम गाथा लिखने वाला था। तीन साल पहले आज के ही दिन भारत के बीर जवानों ने पूरी दुनिया में भारत की आन, बान, शान और पराक्रम को देखा था।’’
| Tweet![]() |