कश्मीर: रामबन में 5 आतंकी एक मकान में छिपे, मुठभेड़ जारी

Last Updated 28 Sep 2019 12:46:31 PM IST

जम्मू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बटोटे में एक मकान में पांच आतंकवादी छिपे हुए हैं और उनके सफाये की कोशिशें चल रही हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।


दरअसल, आतंकवादियों ने शनिवार सुबह सेना के एक दल पर हमला किया था जिसके बाद सुरक्षा बलों ने व्यापक खोज अभियान चलाया।      

अधिकारियों ने बताया कि रामबन जिले में राजमार्ग पर मुठभेड़ स्थल से भागने के बाद जांच दलों ने एक मकान के भीतर आतंकवादियों को घेर लिया।     

अधिकारियों ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि मकान मालिक विजय कुमार भी अंदर फंसे हुए हैं और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें चल रही है।     

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पांच आतंकवादियों का एक समूह बटोटे शहर में फंसा है। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के संयुक्त दल ने इलाके की घेराबंदी कर दी और इसके बाद मुठभेड़ हुई।’’      

उन्होंने बताया कि फंसे हुए आतंकवादियों ने सुबह त्वरित कार्रवाई बल (क्यूआरटी) पर गोलियां चलाई और भागने की कोशिश की।     

प्रवक्ता ने बताया कि भागने के बाद वे बटोटे शहर में एक व्यक्ति के मकान में घुस गए जिसका फौरन घेराव कर लिया गया। मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारी अभियान की निगरानी कर रहे हैं।     

इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद जोर शोर से चले तलाश अभियान के बाद दोपहर करीब एक बजे मुख्य बाजार में छिपे हुए आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच फिर मुठभेड़ शुरू हुई।     

उन्होंने बताया कि मकान से मालिक को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें चल रही हैं लेकिन उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सुरक्षाबलों से भागते समय आतंकवादी जबरन इस मकान में घुस गए थे।     

आतंकवादियों ने सुबह ग्रेनेड फेंका और धारमुंड गांव में सेना के क्यूआरटी पर गोलीबारी की जिसके बाद मुठभेड़ हुई।     

उन्होंने बताया कि सेना के अतिरिक्त जवानों और पुलिस कर्मियों को भी मौके पर भेजा गया है। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है ताकि आंतकवादियों के भागने की हर कोशिश को नाकाम किया जा सके। ऐसा माना जा रहा है कि आतंकवादी किश्तवाड़ की तरफ से आए और उन्होंने राजमार्ग पर अस्थायी शिविर में रात गुजारी।     

जम्मू स्थित रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, ‘‘आज शनिवार सुबह करीब साढे सात बजे, दो संदिग्धों ने एक वाहन को बटोटे में राजमार्ग पर रोकने की कोशिश की। चालक ने समझदारी दिखाते हुए वाहन को रोका नहीं और तुरंत ही नजदीकी सेना की चौकी को इसकी जानकारी दी।’’     

उन्होंने कहा, ‘‘क्यूआरटी फौरन हरकत में आया और संदिग्धों का पता लगाया।’’     

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद एहतियाती तौर पर राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।    

 

 

भाषा
रामबन/जम्मू


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment