बेहतर होता कि प्रधानमंत्री मोदी भी पंडित नेहरू के योगदान को स्वीकार करते: कांग्रेस

Last Updated 23 Sep 2019 05:31:56 PM IST

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में बहुमत पक्ष के नेता स्टेनी होएर की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के नजरिए का उल्लेख करने की पृष्ठभूमि में कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि बेहतर होता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नेहरू के योगदान को स्वीकारते।


कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता आनंद शर्मा

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता आनंद शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पंडित नेहरू आजादी की लड़ाई की पहली पंक्ति के नेता थे और कई वर्षों तक जेल में रहे। वह भारत के प्रधानमंत्री के प्रथम प्रधानमंत्री और देश के निर्माता थे। यह बहुत दुख की बात है कि विश्व के लोग सराहना करते हैं, लेकिन भारत के प्रधानमंत्री प्रशंसा नहीं करते और भाजपा अध्यक्ष उनकी आलोचना करते हैं। इससे भारत की छवि अच्छी नहीं बनती है।’’      

उन्होंने कहा, ‘‘बेहतर होता कि प्रधानमंत्री मोदी पंडित नेहरू के योगदान को स्वीकार करते और अमेरिकी कांग्रेस सदस्य की बात का समर्थन करते।’’      

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोमवार को कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी को नेहरू के योगदान की याद अमेरिका में दिलाई गई।      

रमेश ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मुझे उस समय की याद आ रही है जब कुछ साल पहले लालकृष्ण आडवाणी ने न्यूयॉर्क में दिए अपने भाषण में नेहरू की सराहना की थी। वाजपेयी द्वारा नेहरू को याद करना भी शानदार था। जाने कहां गए वो दिन..।’’      

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी हुई कि अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के बहुमत पक्ष के नेता द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को नेहरू के योगदान की याद अमेरिका में दिलाई गई।’’      
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनुसिंघवी ने कहा, ‘‘मोदीजी के लिए ये बिल्कुल अप्रत्याशित था। नेहरू जी और गांधी जी की उपलब्धियों का जिक्र होते समय उनके हाव-भाव देखने लायक थे।’’  

   

गौरतलब है कि होएर ने रविवार को ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका की तरह भारत ने अपनी प्राचीन परंपराओं को गांधी के सबक और नेहरू के नजरिए के माध्यम से खुद को एक सुरक्षित लोकतंत्र बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहां बहुलतावाद और प्रत्येक भारतीय के मानवाधिकार सुरक्षित हैं।

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment