ममता बोलीं, बंगाल में NRC को लेकर भय पैदा करने वाली BJP पर धिक्कार है
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि एनआरसी को लेकर उसने भय का माहौल बनाया है। सोमवार को बनर्जी ने दावा किया कि इस वजह से राज्य में छह लोगों की मौत हुई है।
![]() पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो) |
तृणमूल सुप्रीमो ने यहां व्यापार संघों की बैठक को संबोधित किया।
बनर्जी ने कहा, ‘‘एनआरसी बंगाल या देश के किसी भी हिस्से में नहीं होगा। असम में यह असम समझौते की वजह से हुआ।’’
असम समझौता 1985 में तत्कालीन राजीव गांधी सरकार और ऑल असम स्टुडेंट्स यूनियन के बीच हुआ था।
बनर्जी ने कहा, ‘‘बंगाल में एनआरसी को लेकर भय पैदा करने वाली भाजपा पर धिक्कार है, इसके कारण पश्चिम बंगाल में छह लोगों की जान चली गई। मुझ पर भरोसा रखिए, पश्चिम बंगाल में एनआरसी को कभी मंजूरी नहीं मिलेगी।’’
भाजपा पर देश में ‘लोकतांत्रिक मूल्यों को कमतर’ करने का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र है लेकिन देश के कई अन्य हिस्सों में यह खतरे में है।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा रोजगार छीनने या भारत की अर्थव्यवस्था के नीचे जाने की कोई बात नहीं कर रही, वह तो बस अपने राजनीतिक हितों को साधना चाहती है।
बनर्जी ने कहा कि हमने देखा कि उन्होंने (एबीवीपी, भाजपा) जादवपुर विश्वविद्यालय में क्या किया, वे हर जगह सत्ता हासिल करना चाहते हैं।
| Tweet![]() |