साथ खड़े रहने के लिये इसरो ने कहा- ‘थैंक्यू’, आगे भी भारतीयों के सपनों को पूरा करने की कोशिश करते रहेंगे

Last Updated 18 Sep 2019 09:56:35 AM IST

देश के दूसरे चंद्र अभियान ‘चंद्रयान 2’ के लैंडर के साथ संपर्क टूटने के बाद मिले समर्थन पर इसरो ने मंगलवार को सभी देशवासियों का शुक्रिया अदा किया और कहा है कि वह सफलता की दिशा में सदा अग्रसर रहेगा।


इसरो ने देशवासियों का किया शुक्रिया अदा

सात सितंबर को चंद्रमा की सतह पर पहुंचने के कुछ ही मिनट पहले इसरो का लैंडर से संपर्क टूट गया था।      

इसरो ने मंगलवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक फोटो जारी करके अंतरिक्ष में नयी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरणा के स्रोत देशवासियों का शुक्रिया अदा किया है।

इसरो ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे साथ खड़े रहने के लिये आपका शुक्रिया। हम दुनियाभर में सभी भारतीयों की आशाओं और सपनों को पूरा करने की कोशिश करते रहेंगे।’’    



इसरो ने कहा, ‘‘हमें प्रेरित करने के लिये शुक्रिया।’’

उल्लेखनीय है कि इसरो ने 22 जुलाई को चंद्रयान-2 का सफल प्रक्षेपण किया था। चंद्रयान-2 के तीन हिस्से हैं, आर्बिटर, लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान। लैंडर विक्रम रोवर प्रज्ञान के साथ सात सितंबर को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला था लेकिन अंतिम समय में इसरो का उससे सम्पर्क टूट गया।

मिशन के पूरी तरह से सफल न होने के बावजूद विश्व भर के कई लोगों समेत अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (नासा) ने भी इसरो का हौसला बढ़ाया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित कर कहा था, ‘‘चंद्रमा को छूने की हमारी इच्छाशक्ति और दृढ़ हुई है तथा संकल्प और भी प्रबल हुआ है।’’ उन्होंने इस मिशन को गर्व से भरा बताया था और कहा था कि देश के 130 करोड़ लोग इसरो के साथ हैं।
 

भाषा/वार्ता
बेंगलुरू


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment