छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयनराजे भोंसले BJP में शामिल

Last Updated 14 Sep 2019 10:36:07 AM IST

महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को शनिवार को बड़ा झटका लगा जब उसके नेता छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयनराजे भोंसले ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।


उदयनराजे भोंसले, अमित शाह

भोंसले आज सुबह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के घर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी में शामिल हुए।

इस मौके पर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के अलावा अन्य नेता मौजूद थे।    

महाराष्ट्र में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं।

भोंसले सतारा सीट से लोकसभा सांसद थे और उन्होंने आज ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया।

उनके भाजपा में शामिल होने के बाद शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर स्वराज की स्थापना करने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज उदयनराजे जी ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मैं भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उदयनराजे जी का भाजपा परिवार में स्वागत करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र से जो परिणाम आए थे, उससे भी अच्छे परिणाम विधानसभा चुनाव में आएंगे। महाराष्ट्र का खोया हुआ गौरव लौटाने का काम देवेंद्र फडणवीस जी की सरकार ने किया है। महाराष्ट्र की जनता मोदी जी के साथ 2014 से ही मन से जुड़ी है और 2019 में भी इसकी पुनरावृत्ति वहां हुई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस बार विधानसभा में भाजपा पहले से भी ज्यादा मजबूत होकर उभरेगी और हमारा गठबंधन तीन चौथाई से भी अधिक बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।’’

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment