देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ से 150 लोगों की मौत

Last Updated 12 Aug 2019 06:50:28 AM IST

देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।


केरल बाढ़ पीड़ित सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की कोशिश करते हुए।

बाढ़ और इसके फलस्वरूप हुए भूस्खलन की घटनाओं में पिछले 24 घंटों के दौरान 150 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लापता हैं। बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण कई लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकतर लोगों को राहत शिविरों में जिंदगी व्यतीत करना पड़ रहा है।

केरल में सबसे गंभीर स्थिति बनी हुई है जहां बाढ़ और भूस्खलन से अबतक 72 लोगों की मौत होने तथा 58 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। कर्नाटक में बाढ़ के कारण 30 लोगों की मौत हो गई तथा 14 लोग लापता हैं। केरल के वायनाड भूस्खलन के कारण 58 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। गुजरात में 29 लोगों, महाराष्ट्र में 16, हिमाचल में दो तथा उत्तराखंड में बादल फटने से दो लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य लापता हैं। केरल में बाढ़ के कारण 77688 परिवारों के 247219 लोग 1639 राहत शिविरों में शरण लिए हुए है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम-पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु भारी बारिश से प्रभावित रहे। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राजस्थान के कुछ स्थानों बाड़मेर, जैसलमेर, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा आदि जिलों में भारी बरसात होने की चेतावनी दी गई।

कर्नाटक के 16 जिलों में मूसलाधार बारिश के बाद जलस्तर बढ़ने के बाद नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के साथ बेलगावी और बागलकोट जिलों का हवाई सव्रेक्षण किया। राज्य के 180 गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। केरल में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्यपाल पी सदाशिवम ने अमित शाह से बातचीत की। गुजरात में कई दिनों से हो रही भारी बारिश का दौर रविवार को भी जारी रहा।

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment