पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन
भाजपा की तेजतर्रार नेता, प्रखर वक्ता, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का आज हृदयघात के कारण निधन हो गया है।
![]() पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज (File photo) |
उन्होंने करीब नौ बजे राजधानी के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। श्रीमती स्वराज को करीब साढे सात बजे दिल का दौरा पड़ा जिसके कारण उन्हें अचेत अवस्था में एम्स में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज किया गया लेकिन डाक्टर उन्हें बचा नहीं पाये। राज नौ बजे के करीब उनका निधन हुआ। उनके निधन की खबर सुनते ही एम्स आने वाले भाजपा नेताओं का तांता लग गया। इनमें सबसे पहले पहुंचने वालों में स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्ष वर्धन, भूतल व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, महेंद्रनाथ पांडे समेत बड़ी संख्या केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल थे।
भाजपा दफ्तर में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर : दिवगंत सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर देर रात को ही उनके निवास ले जाया गया। बुधवार सुबह अंतिम दर्शनों के लिए उनका शरीर भाजपा केंद्रीय कार्यालय में रखा जाएगा। तीन बजे उनकी शव यात्रा लोधी रोड़ शवदाह गृह ले जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
भारतीय राजनीति के गौरवशाली अध्याय का अंत-मोदी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विदेशमंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया। मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा, श्रीमती स्वराज का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्हें देश के लिए किए गए प्रत्येक कार्य के लिए हमेशा याद किया जाएगा। वह एक प्रखर वक्ता एवं उच्चकोटि की सांसद थीं जिन्हें दल गत राजनीति से उठकर सराहना मिली। उन्होंने भाजपा की विचारधारा और हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया और पार्टी के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राहुल ने दुख जताया : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि सुषमा एक ऐसी अद्भुत नेता थीं जिनके सभी पार्टियों के लोगों से मित्रवत रिश्ते थे। गांधी ने ट्वीट कर कहा, सुषमा स्वराज जी के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूँ। वह एक अद्भुत नेता थीं जिनकी पार्टी लाइन से इतर मित्रता थी। उन्होंने कहा, दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ऊं शांति।
शरद पवार : पवार ने ट्वीट किया, सुषमाजी स्वराज के निधन के बारे में सुनकर सदमा पहुंचा। वह हमेशा मुझे ‘शरद भाऊ’ कहती थीं। पवार ने ट्वीट किया, हमने एक महान राजनेता, शानदार वक्ता, कुशल प्रशासक, साथी सांसद और सबसे बढ़ कर एक दयालु इंसान को खो दिया है।
प्रधानमंत्री जी, हार्दिक अभिनंदन, मैं अपने जीवन में इसी दिन को देखने के लिए प्रतीक्षा कर रही थी। ------सुषमा स्वराज@SushmaSwaraj
(लोकसभा से अनुच्छेद 370 हटाने का संकल्प पारित होने के बाद और निधन से चंद समय पहले किया गया ट्वीट)
| Tweet![]() |