कुमारस्वामी आज अपना विदाई भाषण देंगे: येदियुरप्पा

Last Updated 19 Jul 2019 12:20:39 PM IST

कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला द्वारा मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी को शुक्रवार दोपहर तक विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए कहे जाने के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने इस गठबंधन सरकार के गिर जाने का अनुमान व्यक्त किया और कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ विचार विमर्श करने के बाद भावी कार्यक्रम तय करेगी।


बी एस येदियुरप्पा (फाइल फोटो)

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को शुक्रवार डेढ़ बजे तक विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए कहा था।     

येदियुरप्पा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘खासकर आज कांग्रेस जद (एस) सरकार के कुशासन का अंत हो जाएगा.. मुख्यमंत्री अपना विदाई भाषण देंगे, हम उसे (भाषण को) ध्यान से सुनेंगे।’’     

उन्होंने कहा, ‘‘सदन की आज की कार्यवाही के नतीजे के आधार पर हम अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से चर्चा करेंगे और भावी कार्यक्रम तय करेंगे।’’     

उन्होंने कहा कि शुक्रवार कर्नाटक में भाजपा के लिए अच्छा दिन होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि ईश्वर की कृपा से सब कुछ अच्छा होगा।’’     

विपक्ष के नेता येदियुरप्पा विश्वास मत में देरी के विरोध में अपने पार्टी विधायकों के साथ पूरी रात सदन में ठहरे रहे।     

सत्तारूढ़ गठबंधन और विधानसभा अध्यक्ष पर समय निर्धारित होने के बावजूद विश्वास मत में देरी की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने बृहस्पतिवार को हमें उकसाने का प्रयत्न किया लेकिन हम चुप रहे, हम शुक्रवार को भी ऐसा ही करेंगे।’’

भाषा
बेंगलुरु


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment