मुंबई: 1974 के बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज

Last Updated 02 Jul 2019 04:48:52 PM IST

मुंबई में मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे से पहले तक पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश हुई। इससे पहले 26 जुलाई 2005 को मुंबई ऐसे ही जलप्रलय का गवाह बना था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


सांता क्रूज में भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई क्षेत्रीय केंद्र से मिले आकंड़े का हवाला देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान 375.2 मिमी बारिश हुई है।     

मुंबई में 2005 में आयी बाढ़ को छोड़ दें तो यह पांच जुलाई 1974 के बाद महानगर में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है। सांताक्रूज वेधशाला ने उस दिन मुंबई में 375.2 मिमी बारिश दर्ज की थी।

महाराष्ट्र में बारिश जनित घटनाओं में 27 लोगों की मौत हो गयी है। इनमें 18 लोगों की मौत मुंबई में एक दीवार के ढह जाने के कारण हुई है। अधिकारियों ने मंगलवार को शहर और आसपास के इलाकों में अवकाश घोषित किया है और लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने से बचने को कहा है।     

मुंबई में उत्तरी उपनगर मलाड में भारी बारिश के बाद मंगलवार सुबह दीवार ढहने की घटना में 18 लोगों की मौत हो गयी जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गये।    

अधिकारियों ने बताया कि पुणे के अम्बेगांव इलाके में सोमवार रात एक दीवार के ढह जाने के कारण छह मजदूरों की मौत हो गयी और तीन लोग घायल हो गये। ठाणे के कल्याण में मंगलवार सुबह दीवार ढहने की एक और घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी।   

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment