अधीर रंजन बने लोकसभा में कांग्रेस के नेता

Last Updated 18 Jun 2019 04:08:56 PM IST

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल से अपने वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को लोकसभा में पार्टी का नेता नियुक्त किया है।


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने अन्य नेताओं के साथ चर्चा के बाद चौधरी को सदन में पार्टी का नेता बनाने का फैसला किया।

सूत्रों के अनुसार पार्टी ने इस संबंध में लोकसभा सचिवालय को पत्र लिखकर सूचित कर दिया है कि चौधरी सदन में पार्टी के नेता होंगे और सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के नेता होने के नाते महत्वपूर्ण चयन समितियों में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। 

63 वर्षीय चौधरी 1999 से लगातार लोकसभा के लिये बहरामपुर सीट से चुने जाते रहे हैं। वह इस दौरान संसद की विभिन्न समितियों के सदस्य रहे हैं। वर्ष 2012 से 2014 के दौरान वह मनमोहन सरकार में रेल राज्य मंत्री रहे। वह 1996 में पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए भी चुने गये थे।

चौधरी पश्चिम बंगाल कांग्रेस के तेज तर्रार नेताओं में गिने जाते हैं। वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता पद के लिए मनीष तिवारी और शशि थरूर के नाम भी चल रहे थे।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment