जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में सुरक्षाबलों से मुठभेड़, 2 आतंकवादी ढेर
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में सोमवार को घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये जबकि एक अधिकारी समेत सुरक्षा बल के दो जवान घायल हो गये।
![]() प्रतिकात्मक फोटो |
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राइफल तथा जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह ने अनंतनाग के एक गांव में सभी निकास मार्गों को सील कर संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान जब सुरक्षा बल के जवान गांव के एक खास इलाके की ओर बढ़ रहे थे तो वहां पहले से छिपे आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी।
सुरक्षा बलों की ओर से जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गयी। इस मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादी मारे गये और दोनों के शव बरामद कर लिये गये हैं।
इसके बाद जब सुरक्षा बल के जवान इलाके की तलाशी ले रहे थे तब वहां छिपे कुछ और आतंकवादियों ने फिर से गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक अधिकारी समेत सुरक्षा बल के दो जवान घायल हो गये। दोनों को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ जारी थी।
इस बीच अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गयी है।
किसी प्रकार के प्रदर्शन को रोकने के लिए मुठभेड़ स्थल के आसपास भारी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षा बलों तथा राज्य पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
पुंछ में संघर्ष विराम उल्लंघन, जवान घायल
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन किए जाने पर भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया। रक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने अकारण ही कृष्णाघाटी क्षेत्र में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। सूत्रों ने बताया, "भारतीय चौकियां कड़ी जवाबी कार्रवाई कर रही हैं।"
वहीं, रविवार को भी शाहपुर क्षेत्र में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन कर गोलीबारी और गोलाबारी की थी, जिसमें दो लड़कियां और सेना के लिए काम करने वाला एक कुली घायल हो गया था।
| Tweet![]() |