भाजपा का संकल्प पत्र : किसानों, युवाओं, महिलाओं व गरीबों पर होगा फोकस
भारतीय जनता पार्टी आसन्न लोकसभा चुनाव के लिये अपने संकल्प पत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा, किसान कल्याण, युवा एवं महिला सशक्तिकरण पर खास जोर देगी।
![]() भाजपा का संकल्प पत्र आज |
किसानों के कल्याण के संदर्भ में भाजपा को लोगों से बड़ी संख्या में सुझाव प्राप्त हुए हैं जिनमें किसानों के लिये ‘मासिक पेंशन योजना’शुरू करने का सुझाव भी शामिल है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
भाजपा का संकल्प पत्र सोमवार को जारी किया जाना प्रस्तावित है । पार्टी इसके साथ पिछले पांच वर्षो के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी पेश कर सकती है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इसमें किसानों पर जोर रहेगा। राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय का प्रमुखता से उल्लेख होगा और जोर दिया जाएगा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर देश किसी तरह की नरमी नहीं रखेगा। किसान और नौजवानों के हितों से जुड़े विषयों का उल्लेख होगा। रोजगार एवं स्वरोजगार के व्यापक अवसर का खाका भी पेश किया जायेगा।
कांग्रेस द्वारा अपने घोषणापत्र में गरीबों को आर्थिक मदद प्रदान करने संबंधी ‘न्याय योजना’ के वादे के मद्देनजर भाजपा अपने संकल्प पत्र को ज्यादा धारदार और लुभावना बनाकर पेश करना चाहती है। इसमें सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल पर विस्तार से चर्चा हो सकती है।
संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना को व्यापक बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा हो सकती है। किसान कल्याण के संबंध में भाजपा को लोगों से बड़े पैमाने पर सुझाव प्राप्त हुए हैं। इसमें किसानों के लिए ‘मासिक पेंशन योजना’ शुरू करने का सुझाव प्रमुख है।
| Tweet![]() |