Health Tips: बदलते मौसम में कैसे रखें अपनी सेहत का ख्याल,जानें घरेलू टिप्स

Last Updated 14 Sep 2023 12:17:45 PM IST

जब भी मौसम बदलता है तब अक्सर लोगों में डेगू, वायरल बुखार, जुकाम,खांसी,गले में दर्द, खराश जैसी स्वास्थ्य समस्याएं देखने को मिलती हैं। इसके लिए जरुरी है कि आप बदलते मौसम में कुछ घरेलू उपाय अवश्य करें।


जब भी मौसम बदलता है तब अक्सर लोग बीमार पड़ जाते हैं। कई बार तो मौसम बदलने के चलते लोगों में संक्रमण इतना बढ़ जाता है कि अगर सही समय पर उसका इलाज नहीं कराया जाए तो आपको काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में हम आपको कुछ ऐसे  घरेलू उपायों के बारे में बताने वाले हैं जिनको अपनाकर आप भी बदलते मौसम में अपने स्वास्थ्य का ख्याल रख सकते हैं और खुद को चुस्त-दुरुस्त बनाए रख सकते हैं।

बदलते मौसम में आप किस तरह से अपने आपको बीमार होने से बचा सकते हैं ये जानने से पहले आपको ये जानना होगा कि बदलते मौसम में आपको किन-किन बीमारियों के होने का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे मौसम में डेगू,वायरल बुखार, जुकाम,खांसी,गले में दर्द और खराश या नाक बंद होने जैसी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं देखने को मिलती हैं।

इनका समय रहते उपचार नहीं किया जाए तो ये साधारण सी दिखने वाली समस्या गंभीर रूप धारण कर लेती हैं। इसके लिए आवश्यक है कि आप बदलते मौसम में कुछ जरूरी घरेलू उपाय अवश्य करें।  कई बार हमारी रसोई में ऐसी चीज़ें मौजूद होती हैं जिनके इस्तेमाल से हम खुद को बीमारियों से दूर रख सकते हैं। इन्हीं चीज़ों की जानकारी हम आपको देने वाले हैं।

लहसुन - मौसमी संक्रमण से बचने के लिए आप लहसुन का इस्तेमाल कर सकते हैं। यदि मौसम में बदलाव के चलते आपको जुकाम या सर्दी लग गई है तो आपको अपने खाने में लहसुन को ज़रूर शमिल करना चाहिए। इसमें मौजूद एंटीमाइक्रोबियल एलिसिन आपको संक्रमण से बचाता है।

नींबू और शहद - अगर मौसम में बदलाव के चलते आपके गले में बलगम की समस्या बढ़ गई है तो आपको चाय में नींबू और शहद का प्रयोग करना चाहिए। इससे आपको गले की खराश और बलगम से जल्द राहत मिलती है। आप गर्म पानी में भी नींबू और शहद मिलाकर उसका सेवन कर सकते हैं। इससे भी आपको राहत मिलेगी।

नमक के पानी से गरारे - मौसम में बदलाव के चलते कई बार लोग सामान्य सर्दी और जुकाम से पीड़ित हो जाते हैं। ऐसे में आप नमक के पानी से गरारे कर सकते हैं जो आपको गले के दर्द, खराश, जुकाम और सर्दी से राहत दिलाएगा।

तुलसी और अदरक - अपनी चाय में यदि आप तुलसी और अदरक का भी प्रयोग करते हैं,तो आपको बुखार में आराम मिल सकता है।

विटामिन सी - बदलते मौसम में यदि आप अपने भोजन में विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थों का प्रयोग करते हैं, तो इससे आपकी इम्यूनिटी अच्छी रहती है। आप हरी सब्जियां, नींबू, संतरा इत्यादि चीजों के सेवन से विटामिन सी प्राप्त कर सकते हैं।

हल्दी - जैसा कि आप जानते हैं कि हल्दी में मौजूद औषधीय गुण हमें सभी तरह के संक्रमण से बचाते हैं। ऐसे में यदि आप हल्दी को गुनगुने पानी या दूध के साथ लेते हैं तो इससे आपको मौसमी बीमारियों का खतरा नहीं सताता है।

काली मिर्च - रसोई में खड़े मसाले के तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली काली मिर्च आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बनाए रखने का काम करती है। आप गुनगुने पानी के साथ और चाय में भी काली मिर्च का प्रयोग कर सकते हैं। ये आपको हर तरह के संक्रमण से बचाती है।

इलाइची - अगर आपका गला खराब हो गया है या आपको सर्दी, बुखार हो गया है, तो आप चाय में इलायची डालकर उसका सेवन कर सकते हैं। बाकी अगर आपको खांसी-जुकाम से तुरंत राहत चाहिए तो आपको 2-3 इलाइची में शहद डालकर पीना चाहिए। इससे आपकी इम्यूनिटी भी अच्छी होती है और आपको जल्दी मौसमी संक्रमण से छुटकारा मिलता है। 

गिलोय - मौसमी बदलाव के दौरान होने वाली स्वास्थ्य परेशानियों से बचने के लिए आप गिलोय का काढ़ा बनाकर भी पी सकते हैं। इससे आपकी सेहत हमेशा दुरुस्त बनी रहती है। इसके अलावा आप दालचीनी, लौंग, तुलसी और अदरक को मिलाकर भी काढ़ा बना सकते हैं।

शहद और काली मिर्च - आप शहद में काली मिर्च मिलाकर भी खा सकते हैं। ऐसा करके संक्रमण से खुद को बचा सकते हैं। आप चाहे तो काली मिर्च के साथ शहद और अदरक मिला लें और फिर उसका सेवन करें। इससे आपको मौसमी फ्लू से भी राहत मिल जाएगी।

गुड़ - आप गुड़ का प्रयोग करके भी अपने आपको मौसमी संक्रमण से बचा सकते हैं। इसके लिए आपको केवल चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करना है, आप खाना खाने के बाद भी गुड़ का इस्तेमाल कर सकते हैं इससे आपकी पाचन शक्ति भी बढ़ती है।

खजूर - अगर आप रोज़ाना दूध का सेवन करते हैं तो आपको दूध में खजूर डालकर पीना चाहिए। इससे ना केवल आप बीमारियों से बचे रहते हैं बल्कि ये आपको मानसिक और शारीरिक मजबूती भी देता है।
 

इस प्रकार आप उपरोक्त चीजों का सही इस्तेमाल करके खुद को इस बदलते मौसम में बीमारियों के बढ़ते खतरे से बचा सकते हैं।

इस आर्टिकल में बताई विधि, तरीकों व दावों की सहारा न्यूज़ पुष्टि नहीं करता है। इनको केवल सुझाव के रूप में लें, इस तरह के किसी भी उपचार/दवा/डाइट पर अमल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
 

 

प्रेरणा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment