देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी होली

Last Updated 22 Mar 2019 12:27:44 AM IST

देश भर के विभिन्न राज्यों में रंग, उमंग और उल्लास का त्योहार होली पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने एक दूसरे को रंग से भिगोया और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।


देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी होली (सांकेतिक फोटो)

राष्ट्रीय राजधानी में भी हवा में ‘होली है’ की गूंज रही। होली के पर्व का खुमार सड़कों पर देखने को मिला। लोगों ने लोकप्रिय गीतों और ढोल की थाप पर नृत्य किया। वहीं, बच्चों ने पिचकारी और पानी भरे गुब्बारों के साथ होली का त्योहार मनाया।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर कस्बे में प्रसिद्ध होली उत्सव चल रहा है। यह उत्सव चार दिन का था लेकिन गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के कारण एक दिन के राष्ट्रीय शोक के चलते इस उत्सव की अवधि घटाकर तीन दिन कर दी गयी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने बृहस्पतिवार को रंगों के पर्व होली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति कोविंद ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘होली के पावन पर्व पर भारत और विदेश में रह रहे सभी देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं। रंगों का त्योहार होली वसंत का और समाज में सौहार्द का उत्सव होता है। मेरी कामना है कि यह उत्सव सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाने वाला हो।’’
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा, ‘‘होली बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप पर मनाया जाता है। यह एक ऐसा त्योहार है जो खुशी और सौहार्द को व्यक्त करता है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जतायी कि रंगों का पर्व लोगों के जीवन में शांति, सद्भाव, समृद्धि और उल्लास लेकर आयेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘होली का यह त्योहार आपके जीवन को खुशियों के रंग से सराबोर कर दे, मेरी ईर से यही कामना है।’’
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, ‘‘रंगों व खुशियों का यह महापर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति और सौभाग्य लाये। होली की हार्दिक शुभकामनाएं।’’
इसके अलावा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित तमाम नेताओं ने भी होली की शुभकामनाएं दीं। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, आप नेता संजय सिंह और गोपाल राय ने भी लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।
राजस्थान से मिली खबर के अनुसार विदेश पर्यटकों ने पुष्कर, जयपुर, जोधपुर में रंगीन त्योहार का चंग की धुन पर नाच कर लुत्फ उठाया। विशेषकर बच्चों में खूब उत्साह दिखा जो एक दूसरे के चहरे पर गुलाल और रंग लगाकर मस्ती में झूमते दिखाई दे रहे थे।

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment