इस्राइल से आज आएगा भारतीय नागरिकों का दूसरा जत्था

Last Updated 14 Oct 2023 09:44:38 AM IST

इस्राइल और हमास संघर्ष के बीच 212 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के बाद, भारतीय नागरिकों का दूसरा जत्था शुक्रवार शाम स्वदेश के लिए रवाना हो गया। उसके शनिवार सुबह पहंचने की उम्मीद है।


इस्राइल से आज आएगा भारतीय नागरिकों का दूसरा जत्था

भारत ने 7 अक्टूबर को गाजा से हमास के उग्रवादियों द्वारा इस्रइल के शहरों पर किए गए हमलों के बाद घर लौटने के इच्छुक लोगों की वापसी के लिए बृहस्पतिवार को ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू किया। भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘दूतावास ने आज विशेष उड़ान के लिए पंजीकृत भारतीय नागरिकों को ईमेल किया है।

अन्य पंजीकृत लोगों को बाद की उड़ानों के लिए संदेश भेजे जाएंगे।’ इस्रइल से भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए पहली विशेष उड़ान बृहस्पतिवार देर शाम बेन गुरियन हवाई अड्डे से 211 वयस्कों और एक शिशु को लेकर रवाना हुई और शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंची।

मिशन के डेटाबेस में सभी भारतीयों को पंजीकृत करने के लिए भारतीय दूतावास द्वारा शुरू किए गए अभियान के बाद यात्रियों को ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर चुना गया है और उनकी वापसी का खर्च सरकार उठा रही है।

इस्रइल में लगभग 18,000 भारतीय नागरिक रहते और काम करते हैं, जिनमें छात्र आईटी पेशेवर और हीरा व्यापारी भी शामिल हैं।

भाषा
यरूशलम


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment