यूक्रेन युद्ध 2023 में खत्म होने की उम्मीद : गुटेरेस
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 2023 में यूक्रेन युद्ध खत्म होने की प्रबल उम्मीद जताई है।
![]() संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस (फाइल फोटो) |
साथ ही गुटेरेस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ईरानी सरकार की कार्रवाई की निंदा की और सभी देशों से घोर दक्षिणपंथियों से पैदा होने वाले आतंकी खतरों से निपटने का आग्रह किया। गुटेरेस ने सोमवार को साल के अंत में प्रेस कांफ्रेंस में व्यापक मुद्दों पर बात की।
गुटेरेस ने कहा, उन्हें निकट भविष्य में यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए वार्ता की कोई संभावना नजर नहीं आती है, बल्कि पहले से ही बढ़ रहे सैन्य संघर्ष के जारी रहने की आशंका है।
हालांकि, उन्होंने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद से यूरोप में सबसे विनाशकारी संघर्ष को 2023 के अंत तक रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आह्वान किया और उन्हें युद्ध के अंत की पूरी उम्मीद है। गुटेरेस ने अन्य वैश्विक मुद्दों पर भी बात की।
उन्होंने अफगानिस्तान के तालिबान शासकों से सरकार में सभी जातीय समूहों को शामिल करने, सभी स्तरों पर लड़कियों के शिक्षा के अधिकार व महिलाओं के काम करने के अधिकारों को बहाल करने और अपने क्षेत्र में सभी आतंकी गतिविधियों को रोकने का आग्रह किया।
उन्होंने कोरियाई प्रायद्वीप के परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर संयुक्त राष्ट्र के संकल्प को दोहराया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी इस दिशा में काम करना चाहिए जो पूर्वी एशिया और दुनिया में शांति व सुरक्षा का मौलिक आधार है।
| Tweet![]() |