पाकिस्तान की जेल से रिहा हुए 20 भारतीय मछुआरे

Last Updated 15 Nov 2021 01:23:28 AM IST

पाकिस्तानी जलक्षेत्र में कथित तौर पर अवैध रूप से मछली पकड़ने के मामले में चार साल की सजा पूरी करने के बाद 20 भारतीय मछुआरों को रविवार को पाकिस्तान के लांधी जिला जेल से रिहा कर दिया गया।


कराची की जिला जेल से रविवार को रिहा होने के बाद स्वदेश वापसी के लिए अपने नाम की तख्ती और वैक्सीनेशन कार्ड दिखाते हुए भारतीय मछुआरे।

रिहा किए गए मछुआरों को भारतीय अधिकारियों को सौंपने के लिए सोमवार को उन्हें वाघा सीमा पर लाया जाएगा। जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

लांधी जेल के अधीक्षक इरशाद शाह ने कहा, भारतीय अधिकारियों द्वारा मछुआरों की राष्ट्रीयता की पुष्टि करने के बाद सद्भावना के तौर पर उन्हें रिहा कर दिया गया।

रिहा किए गए अधिकतर मछुआरे गुजरात के हैं। इरशाद शाह ने कहा, इन मछुआरों ने चार साल जेल में गुजारे थे और हमारी सरकार द्वारा सद्भावना के तौर पर आज उन्हें रिहा कर दिया गया है।

गैर-लाभकारी सामाजिक कल्याण संगठन एधी ट्रस्ट फाउंडेशन ने मछुआरों को लाहौर में वाघा सीमा तक ले जाने की व्यवस्था की, जहां से उन्हें सोमवार को भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।

इरशाद शाह ने कहा, हमने रिहा किए गए मछुआरों को एधी फाउंडेशन को सौंप दिया है जोकि उनकी सभी यात्रा और अन्य खचरें का ख्याल रख रहा है। वे अल्लामा इकबाल एक्सप्रेस ट्रेन से लाहौर जाएंगे।

अधिकारी ने कहा, अब भी 588 भारतीय नागरिक लांधी जेल में बंद हैं, जिनमें से अधिकांश मछुआरे हैं।
 

भाषा
कराची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment