अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप बोले- चीन के साथ सीमा विवाद पर अच्छे मूड में नहीं हैं पीएम मोदी

Last Updated 29 May 2020 11:27:54 AM IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर मध्यस्थता की अपनी पेशकश को दोहराते हुए दावा कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमा पर दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष को लेकर शी जिनपिंग के शासन से खुश नहीं हैं।


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)

भारत और चीन के बीच सीमा तनाव से संबंधित मीडिया के सवालों के जवाब में राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार को अपने ओवल ऑफिस में कहा, "भारत और चीन के बीच एक बड़ा संघर्ष चल रहा है। दोनों देशों में कुल 1.4 अरब (बिलियन) लोग हैं और दोनों के पास ही बेहद शक्तिशाली सेना है।"

राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे कहा, "भारत खुश नहीं है और शायद चीन भी नहीं। लेकिन मैं आपको बता सकता हूं कि मैंने प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी से बात की। चीन के साथ जो कुछ चल रहा है.. उससे वह अच्छे मूड में नहीं हैं।"



हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा कि उन्होंने कब पूर्वी भारत के लद्दाख स्थित वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चल रहे गतिरोध के बारे में प्रधानमंत्री मोदी से बात की।

वहीं, नई दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ कोई संपर्क नहीं हुआ है। सूत्रों ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच आखिरी बार बातचीत 4 अप्रैल को (कोविड-19 संक्रमण के उपचार में प्रयोग में लाई जा रही) हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन (दवा) को लेकर हुई थी।

सरकार ने गुरुवार को यह भी घोषणा कर कहा कि लद्दाख में पश्चिमी मोर्चे पर समाधान के लिए वह सीधे तौर पर स्थापित तंत्र और कूटनीतिक संपर्कों के जरिए चीन के साथ संपर्क में है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक अन्य सवाल के जवाब में राष्ट्रपति ट्रंप ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता के अपने प्रस्ताव को दोहराया।



ट्रंप ने कहा, "अगर उन्हें (भारत और चीन) लगता है कि मैं मध्यस्थता कर सकता हूं, तो मैं ऐसा करूंगा। हम देखेंगे क्या होता है।"

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वह भारत और चीन की सेनाओं के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर जारी गतिरोध के दौरान दोनों देशों के बीच जोर पकड़ते सीमा विवाद में मध्यस्थता करने के लिए ‘तैयार, इच्छुक और सक्षम’ है।

ट्रंप ने पहले भारत और पाकिस्तान के बीच भी मध्यस्थता की पेशकश की थी, लेकिन नई दिल्ली ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। भारत का कहना है कि द्विपक्षीय संबंधों में तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं है।

ट्रंप ने बुधवार सुबह ट्वीट किया, हमने भारत और चीन दोनों को सूचित किया है कि अमेरिका उनके इस समय जोर पकड़ रहे सीमा विवाद में मध्यस्थता करने के लिए तैयार, इच्छुक और सक्षम है।

भारत और चीन के बीच करीब 3,500 किलोमीटर लंबी सीमा है जिसे एलएसी (LAC) कहते हैं। एलएसी पर लद्दाख और उत्तरी सिक्किम में अनेक क्षेत्रों में भारत और चीन दोनों की सेनाओं ने हाल ही में सैन्य निर्माण किये हैं। जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ा तथा दो अलग-अलग गतिरोध की घटनाओं के दो सप्ताह बाद भी दोनों के रुख में सख्ती का स्पष्ट संकेत मिलता है।

भारत ने कहा है कि चीनी सेना लद्दाख और सिक्किम में एलएसी पर उसके सैनिकों की सामान्य गश्ती में अवरोध पैदा कर रही है।

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली/वाशिंगटन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment