जापान में ’हगिबिस‘ ने मचाई तबाही, 33 मरे

Last Updated 14 Oct 2019 05:19:12 AM IST

जापान की राजधानी टोक्यो समेत देश के अन्य हिस्सों में प्रचंड तूफान ‘हगिबिस’ से अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है।


नागानो : चिकुमा नदी का बांध टूटने के बाद बाढ़ पीड़ितों को सहायता पहुंचाता हेलिकाप्टर।

बाढ़ में डूबे मकानों में फंसे लोगों को निकालने के लिए रविवार को हेलीकॉप्टरों, नौकाओं तथा हजारों सैनिकों को लगाया गया है।
एक दुखद घटना में बचाव अभियान के दौरान एक महिला की हेलीकॉप्टर पर चढ़ते समय गिरकर मौत हो गई। तूफान हगिबिस ने शनिवार शाम को दक्षिणी टोक्यो में दस्तक दी और उसने मध्य तथा उत्तरी जापान में तबाही मचाई। हगिबिस रविवार को उष्णकटिबंधीय तूफान में तब्दील हो गया। सरकारी प्रसारणकर्ता एनएचके ने कहा कि देशभर में 14 नदियों में बाढ़ आ गई। टोक्यो दमकल विभाग ने बताया कि 70 वर्ष की आयु की एक महिला फुकुशिमा के इवाकी शहर में बचाव हेलीकॉप्टर पर चढ़ते समय 40 मीटर की ऊंचाई से दुर्घटनावश जमीन पर गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई।
 सरकार की दमकल और आपदा प्रबंधन एजेंसी ने रविवार देर रात कहा कि तूफान के कारण 14 लोगों की मौत हो गई, 11 लापता हैं तथा 187 लोग घायल हो गए। उसने बताया कि 1,283 मकान जलमग्न हो गए और 517 मकान आंशिक या पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, जापानी मीडिया ने मृतकों की संख्या 33 बताई तथा 19 लोग लापता बताए। टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कारपोरेशन ने रविवार देर रात बताया कि 66,000 से अधिक घरों में अब भी बत्ती गुल है।

टोक्यो इलाके में सुबह कई ट्रेन सेवाएं बहाल की गई जबकि अन्यों को बाद में शुरू किया गया। तूफान की वजह से रग्बी र्वल्ड कप के कई मैच रद्द कर दिए गए। कई मैचों के समय को आगे बढ़ा दिया गया। तूफान रविवार सुबह राजधानी के कई हिस्सों तक पहुंच गया और इसने आसपास के इलाकों में अपने पीछे तबाही के निशान छोड़ दिए। सेना और दमकल विभाग के हेलीकॉप्टरों ने कई स्थानों पर लोगों को छतों और बालकनियों से बाहर निकाला। इवाकी सिटी, फुकुशिमा में अन्य जगहों पर नौका अभियान चलाकर सैकड़ों लोगों को बचाया गया।

हाल के वर्षों में सबसे विध्वंसकारी तूफानों में से एक हगिबिस ने शनिवार रात को जापान के मुख्य होन्शू द्वीप पर दस्तक दी। तूफान के आने से 216 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। तूफान के चलते जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी को उच्च स्तर की वष्रा आपदा की चेतावनी जारी करनी पड़ी।

 

वार्ता
टोक्यो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment