श्रीलंका में दो आतंकवादी समूह प्रतिबंधित

Last Updated 29 Apr 2019 06:17:45 AM IST

श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने दो आतंकवादी समूह नेशनल तवहिद जमात (एनटीजे) और जमात-ए मिलातू इब्राहिम पर प्रतिबंध लगाया है।


श्रीलंका में दो आतंकवादी समूह प्रतिबंधित

पुलिस ने कहा कि यह आतंकी समूह गिरजाघरों और होटल पर हुए फिदायीन हमले में संदिग्ध हैं जबकि सैन्य छापे के दौरान संदिग्ध आतंकी समूह के सरगना की पत्नी और बच्चे घायल हो गए।
राष्ट्रपति ने बयान जारी कर कहा, नेशनल तवहिद जमात और जमात-ए मिलातू इब्राहिम पर आपातकालीन अधिकारों के तहत प्रतिबंध लगाया गया है। अधिकारियों ने कहा, प्रशासन पहले छोटे समूह पर कोई कार्रवाई नहीं कर सकता था क्योंकि पहले कानून को इन लोगों के खिलाफ पुख्ता सबूत दिखाने की जरूरत होती थी। पुलिस को विश्वास है कि धमाके के संदिग्ध मोहम्मद हासिम मोहम्मद जहरान एनटीजे समूह से जुड़े हैं। जमात-ए मिलातू के बारे में कम जानकारी है हालांकि ऐसा माना जाता है कि इनके सदस्यों ने इन हमलों में भूमिका निभाई थी।

गौरतलब है कि कोलंबो में गिरजाघरों और होटलों में हुए हमले के बाद करीब 10000 सैनिक पूरे देश में तलाशी कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगे हैं। पुलिस ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अब तक 100 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है जिनमें सीरिया और मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं।

वार्ता
कोलंबो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment