अमेरिका ने भी बोइंग के 737 मैक्स विमानों के उड़ने पर लगायी रोक

Last Updated 14 Mar 2019 11:47:44 AM IST

इथोपिया विमान हादसे के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका ने भी बोइंग के 737 मैक्स विमान की उड़ान पर रोक लगा दी है।


अमेरिका ने भी लगाई बोइंग 737 MAX पर रोक (फाइल फोटो)

इथोपिया में हुई हालिया विमान दुर्घटना के बाद विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भारत समेत कई देशों द्वारा बोइंग के 737 मैक्स विमानों को परिचालन से बाहर करने के बाद अब अमेरिका ने भी इन विमानों को खड़े करने का आपातकालीन आदेश जारी कर दिया है।     

रविवार को बोइंग का एक 737 मैक्स विमान इथोपिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें 157 लोगों की मौत हो गयी। इस हादसे बाद भारतीय विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने देश के वायु क्षेत्र में मैक्स विमानों के उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगा दिया था।

इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में इंडोनेशिया में भी एक 737 मैक्स दुर्घटनाग्रस्त हुआ था जिसमें 189 लोगों की मौत हुई थी।     

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बुधवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘इन सभी विमानों को तत्काल खड़ा किया जाए।’’ इससे पहले भारत समेत चीन और सभी यूरोपीय देश भी इन विमानों का परिचालन रोक चुके हैं।     

ट्रंप ने राजनीतिक एवं अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।’’

 

भाषा
वाशिंगटन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment