इथोपिया विमान हादसा : दुर्घटना स्थल से एयरलाइंस का फ्लाइट रिकॉर्डर बरामद

Last Updated 11 Mar 2019 07:51:30 PM IST

इथोपियन एयरलाइंस के एक दिन पहले दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान से फ्लाइट रिकॉर्डर को जांचकर्ताओं ने बरामद कर लिया है। एयरलाइन ने सोमवार को कहा कि इस दुर्घटना के बाद कई एयरलाइंस ने बोइंग 737 मैक्स 8 विमान की उड़ान को रोक दिया।


एयरलाइंस का फ्लाइट रिकॉर्डर बरामद

रविवार को हुई इथोपियन एयरलाइंस के दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान दुर्घटना में सभी 157 यात्रियों की मौत हो गई।

बोइंग 737 मैक्स 8-उड़ान ईटी 302 अदीस अबाबा से केन्या की राजधानी नैरोबी जा रही थी। रविवार को उड़ान भरने के छह मिनट बाद यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसकी वजह से इस बेड़े के विमान की दूसरी उड़ानों को रोकना पड़ा।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटना स्थल से बरामद किए गए उपकरणों में कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर व डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर शामिल हैं।

कुछ माह पुराना विमान इथोपिया की राजधानी से 60 किमी दक्षिणपूर्व बिशोफ्तु शहर के बाहरी इलाके के तुला फारा गांव के नजदीक एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इथोपियन एयरलाइंस ने कहा कि इस दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, पायलट ने कथित तौर पर दिक्कत की बात कही थी और वापस अदीस अबाबा लौटने के बारे में कहा था।

दुर्घटना में मारे गए लोगों में चार भारतीय शामिल है। रिपोर्टो के अनुसार उड़ान में 30 से ज्यादा देशों के लोग सवार थे, जिसमें केन्या, कनाडा व ब्रिटेन के नागरिक थे। इसमें सबसे ज्यादा केन्या के नागरिक शामिल हैं।

मृतकों में 22 संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारी हैं, जिसमें बहुत से नैरोबी में संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के एक सभा में भाग लेने जा रहे थे।

कई एयरलाइंस ने दुर्घटना के बाद इस मॉडल के उड़ानों पर रोक लगा दी है।

चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन (सीएएसी) ने सोमवार की सुबह घरेलू एयरलाइंस को बोइंग 737 मैक्स 8 विमान की उड़ानों के परिचालन को शाम 6 बजे के पहले रोकने का आदेश दिया।

सीएएसी ने कहा कि यह फैसला सुरक्षा चिंताओं की वजह से लिया गया है। ऐसा आपूर्ति किए गए दो अन्य बोइंग 737 मैक्स 8 विमानों के इसी तरह से उड़ान भरने के चरण में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद किया गया है।



इथोपियन एयरलाइंस ने एक बयान में कहा कि इस तरह के विमान की उड़ानों को रोकने का फैसला सावधानी के तौर पर लिया गया है।

अफ्रीका के सबसे बड़े वाहक ने कहा, "हालांकि, हम दुर्घटना के कारणों के बारे में नहीं जानते, फिर भी हमने इस बेड़े के विमानों को अतिरिक्त सुरक्षा के तहत रोकने का निर्णय किया है।"

आईएएनएस
अदीस अबाबा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment