17 से 23 अप्रैल, 2022 तक का साप्ताहिक राशिफल

Last Updated 17 Apr 2022 12:04:34 AM IST

जानिए कैसा रहेगा आपके लिए 17 से 23 अप्रैल, 2022 तक का साप्ताहिक राशिफल।


17 से 23 अप्रैल, 2022 तक का साप्ताहिक राशिफल

मेष-कार्यक्षेत्र में ब्यस्तता के साथ घरेलूू दायित्वों की पूर्ति हेतु भी ध्यान केंद्रित करें। कुछ योजनाबद्ध प्रयासों की सार्थकता से प्रसन्न होंगे। परिवार को एकजुट रखने हेतु प्रयत्नशील रहेंगे। एक तरफ घरेलू वातावरण में छोटे-छोटे कष्टों का अभास होगा किंतु प्रियजनों के सहयोग से हर स्थिति का सामना करने में सक्षम होंगे। सोमवार एवं मंगलवार को अवरोधित कार्यों को हल करने में प्रयत्नशील रहेंगे। कार्य क्षमता द्वारा प्रगति संभव। बुधवार एवं शुक्रवार को भौतिक सुख-साधनों को जुटाने हेतु मन चिंतित होगा। राजकीय कर्मचारियों की ब्यस्तता रहेगी। परिवार में किसी की अस्वस्थता से परेशान होंगे। आय से ज्यादा व्यय आर्थिक असंतुलन का कारण बनेगा।  
वृषभ-भविष्य के प्रति नकारात्मक चिंताएं उत्पन्न होंगी। जिम्मेदारियों की पूर्ति में व्यय संभव। रोजगार में लाभ के आसार बनेंगे। बीती बातों को भूल वर्तमान में जीने का प्रयत्न करें। इस सप्ताह  सामान्य होते हुए भी मन अरुचि का शिकार होगा। रविवार एवं सोमवार को खानपान में सावधानी बरतें। कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेने में मन दुविधाग्रस्त होगा। राजनीतिज्ञों की सक्रियता से शासन-सत्ता में पकड़ मजबूत होगी। मंगलवार एवं बृहस्पतिवार को अध्यात्मिक भावनाएं मन को प्रभावित करेंगी। विद्यार्थियों के लिए अच्छा समय होगा। शुक्रवार एवं शनिवार को यात्रा में सावधानी बरतें। महत्वपूर्ण कार्यों में आलस्य न करें।  
मिथुन-यह मायावी जीवन सुख-दुख से परिपूर्ण है। अत: इसे अपनाना एवं इसके साथ समझौता करके ही चलना पड़ता है। माता के सहयोग से परिवार में आपका पक्ष हर मुद्दे पर मजबूत होगा। रविवार एवं मंगलवार को परिवार में धार्मिक कार्य पूर्ण होने के आसार हैं। अच्छी भावनाएं मकसद को सफल करेंगी। कार्यक्षेत्र में बौद्धिक क्षमता का लाभ उठाएंगे। शुक्रवार एवं शनिवार को किसी भी प्रकार के कानूनी मामलों में लापरवाही न करें। किसी महत्वपूर्ण उद्देश्य से की गई यात्रा में कठिनाइयां संभव।  चापलूस प्रकृति के लोगों से आपकी निकटता आपके लिए हानिकर हो सकती है। भाग्य का अनुपम सहयोग आपको बड़ा ही मजबूती से मिल रहा है। अत: इसका लाभ उठायें।

कर्क-हड़बडी व जल्दबाजी में कोई कार्य न करें, अन्यथा हानि संभव। पुरानी गलतियों को सुधारने का अच्छा मौका है। अत: पुराने गिले-शिकवे छोड़ संबंधों को मधुर बनायें। कुछ नये कार्यों में  ब्यस्तता बढ़ेगी। सोमवार एवं मंगलवार को किसी महत्वपूर्ण कार्य की सार्थकता हेतु परिश्रम तीव्र होगा। कार्यक्षेत्र में अनुकूल स्थिति से प्रसन्न होंगे। सामाजिकता के निर्वहन संबंधी ब्यस्तता रहेगी। व्यावसायिक क्षेत्र में प्रतिभा निखरेगी। बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को प्रयासरत् क्षेत्रों में मनोवान्छित सफलता न मिलने से असंतोष की अनुभूति होगी। राजनीतिज्ञों के लिए थोड़ा उथल पुथल का समय है।   
सिंह-ऐसा नहीं हो सकता कि सब कुछ आपके अनुकूल हो। अत: हर स्थिति में पूरी क्षमता के साथ केंद्रित हों। प्रतिभावान होने के साथ यदि आप थोड़ा एक्सप्रेसिव बनेंगे तो सफलता जल्द मिलेगी। किसी महत्वपूर्ण योजना की पूर्ति से लोकप्रिय होंगे। अपने नैतिक कर्तव्यों के प्रति सजग हों। सोमवार एवं बुधवार को सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। आकस्मिक किसी सुखद समाचार से मन प्रसन्न होगा। बुधवार एवं शनिवार को किसी महत्वपूर्ण कार्य में अवरेाध से चिंतित होंगे। कार्यक्षेत्र में विरोधियों की सक्रियता से सावधान रहें। आपका गम्भीर स्वभाव रिश्तों में भावनात्मक आदान-प्रदान में कमी लाता है। इसे सुधारें।
कन्या-कुछ खराब ग्रहों की प्रबलता से तामसी प्रवृत्ति बढ़ेगी। शिक्षा-प्रतियोगिता में चल रहे प्रयत्न सार्थक होंगे। रविवार एवं सोमवार को अच्छी अभिलाषाएं मन में जागृत होंगी। राजनीतिज्ञों को कुछ आकस्मिक लाभ मिल सकता है। जल्द ही कठिनाइयों का खात्मा होगा। नौकरी के वातावरण में किसी सहकर्मी से मतभेद संभव। राजनीतिज्ञों से निकटता व सक्रियता बढ़ेगी। सोमवार एवं मंगलवार को आपका मन अध्यात्मिक क्षेत्र की ओर केंद्रित होगा। शुक्रवार एवं शनिवार को नौकरी में किसी सहकर्मी अथवा अधिकारी के व्यवहार से दिक्कतें संभव। निकट संबंधों में भावनात्मक अपेक्षाएं कष्टकारी होंगी। मौसम के परिवर्तन के अनुकूल अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।   
तुला-अपने व्यवहार कुशलता का भरपूर लाभ उठाएंगे। किसी धार्मिक अथवा समाजिक कार्य से प्रतिष्ठा बढ़ेगी। जीवन साथी के स्वास्थ्य को लेकर परेशान हो सकते हैं। मन कई तरह की इच्छाओं से प्रेरित हो उसे फलित हेतु केंद्रित होगा। बुधवार एवं बृहस्पतिवार को किसी महत्वपूर्ण दायित्व की कुशल पूर्ति हेतु मन चिंतित होगा। क्रियाशीलता बढ़ा प्रगति की ओर अग्रसर होंगे। उत्साह पूर्वक नई योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रयत्नशील होंगे। शुक्रवार एवं शनिवार को परिजनों की मतानेकता से मन दुखित होगा। भविष्य के प्रति आशंकाएं मन पर प्रभावी होंगी। विपरीतलिंगी संबंधों के प्रति आकषर्ण से कुछ कठिनाइयां संभव। घर-परिवार में व्यय का योग है।   
वृश्चिक-काफी दिनों से अवरोधित महत्वपूर्ण कार्य हल होने के आसार बनेंगे। जीवन साथी के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। उत्साह पूर्वक नई योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु प्रयत्नशील रहेंगे। अत्यधिक व्यय व दायित्व पूर्ति में समुचित साधनाभाव से चिंतित होंगे। राजकीय कर्मचारियों के लिये व्यस्तता का समय होगा। आकस्मिक कोई जीविका संबंधी यात्रा करनी पड़ सकती है। रविवार एवं मंगलवार को पारिवारिक वातावरण सुखद होगा। भौतिक सुख-साधन में व्यय संभव। कोई महत्वपूर्ण पारिवारिक दायित्व की पूर्ति होने के आसार बनेंगे। बृहस्पतिवार एवं शनिवार को नौकरी में किसी सहकर्मी से मतभेद संभव। आवेश में कोई निर्णय न लें। प्रणय संबंधों में केंद्रित होगा।  
धनु-इस सप्ताह संघर्ष के साथ नई सफलताएं मिलेंगी। मन पूर्ण उत्साह के साथ कठिन समस्यओं का सामना करने के लिए तत्पर होगा।
विद्यार्थी शिक्षा में लापरवाही न करें। उच्च महत्वाकांक्षा जल्द ऊंची प्रगति के लिए प्रेरित करेंगी। जीवन साथी के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। संतान संबंधी दायित्वों के प्रति मन में चिंता संभव। महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विवेक से काम लें। रविवार एवं मंगलवार को संवेदनशीलता पर नियंत्रण रखें।, अन्यथा संबंधों में कटुता की आशंका है। राजकीय कर्मचारियों के लिए नौकरी का वातावरण थोड़ा अरुचिकर हो सकता है। बृहस्पतिवार एवं शनिवार को लाभ के अच्छे अवसर मन को खुश रखेंगे।
मकर-स्वयं पर भरोसा रखते हुए कार्यक्षेत्र में अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर अपनी महत्ता साबित करें। यर्थाथता से परे महत्वाकांक्षाओं को फलित करने में मन केंद्रित होगा। किसी नई दिशा में सकारात्मक सोच रंग लायेगी। मन प्रगतिशील विचारों से प्रभावित होगा। एक तरफ परिवार में सुखद स्थिति होगी, वहीं किसी की अस्वस्थता वातावरण को दुखित करेगी। प्रगति के नये अवसर मिलेंगे। नैतिक-अनैतिक के बारे में सोचने वाला मन भौतिक परिवेश के साथ तालमेल बिठाने में असमर्थ होगा। बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को नकारात्मक चिंताओं से घिरा मन ईश्वर की शरण में केंद्रित होगा। आलस्य महत्वपूर्ण लाभ से वंचित करेगा। परिजनों की बातों का बुरा न माने।  
कुंभ-प्रयासरत क्षेत्रों में अवरोध तथा दाम्पत्य जीवन में कष्ट संभव। राजकीय कर्मचारियों को नौकरी में कुछ परिवर्तित स्थितियां सुखद लगेंगी। किसी मांगलिक कार्य हेतु प्रयत्नशील होंगे। सगे-संबंधियों से अलगाव जैसी स्थिति से परेशान हो सकते हैं। अत: हर स्थिति में मिलनसारिता द्वारा संबंधों को प्रभावित न होने दें। रविवार एवं सोमवार को समुचित परिश्रम के बावजूद भी मनोवांछित परिणाम न मिलने से चिंता संभव। घरेलू वातावरण में छोटे-मोटे तनाव की आशंका है। विद्यार्थी शिक्षा में लापरवाही न बरतें, अन्यथा परिणाम बुरे हो सकते हैं। बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को मन में सुख व उत्साह में वृद्धि होगी। योजनाओं को फलीभूत करने में सक्षम होंगे। नौकरी-पेशे में लोकप्रियता बढ़ेगी। प्रणय संबंध प्रगाढ़ होंगे।  
मीन-परिवार में किसी की अस्वस्थता से मन चिंतित होगा। नये व्यावसायिक संबंध प्रगाढ़ होंगे। परिवार में अपने कद का ख्याल रखते हुए सबंधों में सौम्यता लायें। सोमवार एवं मंगलवार को महत्वपूर्ण कार्यों में कठिनाई से मन नकारात्मकता से प्रभावित होगा। अत्याधिक भावनात्मक अपेक्षाएं संबंधों में कष्ट का अनुभव करायेंगी। बुधवार एवं शनिवार को अनवरत् परिश्रम द्वारा कुछ नई सफलताएं प्राप्त करेंगे। नैतिक-अनैतिक के बारे में सोचने वाला मन भौतिक परिवेश के साथ तालमेल बिठाने में असमर्थ होगा। उच्चस्तरीय लोगों से संबंध बनेंगे। मित्र के भेष में गुप्त शत्रुओं से सतर्क रहें।  शासन-सत्ता का लाभ मिलेगा। रचनात्मक कार्यों से लोकप्रिय होंगे। नौकरी का वातावरण सुखद होगा।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment