बॉलीवुड की पहली सुपरस्टार श्रीदेवी की बर्थ एनिवर्सरी आज, जानें उनके बारे में खास बातें

Last Updated 13 Aug 2022 11:54:15 AM IST

बॉलीवुड की 300 से अधिक फिल्मों में काम करने वाली अभिनेत्री श्रीदेवी की आज ही बर्थ एनिवर्सरी है।


श्रीदेवी

श्रीदेवी बॉलीवुड का ऐसा नाम है जिन्हें हमेशा अपने काम, एक्टिंग स्किल्स और खूबसूरती के लिए याद किया जाएगा। सिर्फ एक्टर ही नहीं बल्कि एक प्रोड्यूसर के तौर पर भी श्रीदेवी ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में काम किया। कई सालों तक वो बॉलीवुड पर राज करती रहीं। श्रीदेवी ने बॉलीवुड के अलावा तेलुगू, मलयालम, कन्नड़ फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा।

कास्ट करना चाहते थे स्टीवन स्पिलबर्ग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीदेवी को एक बार हॉलीवुड की फिल्म करने का मौका मिला था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था। दरअसल निर्माता स्टीवन स्पीलबर्ग श्रीदेवी को अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म जुरासिक पार्क में कास्ट करना चाहते थे। हालांकि ऐसा नहीं हो सका। दरअसल स्टीवन श्रीदेवी को छोटे से रोल के लिए कास्ट करना चाहते थे। मगर श्रीदेवी के अन्य कमिटमेंट्स और व्यस्तता के कारण ये रोल उन्हें नहीं मिल सका। वहीं श्रीदेवी इस रोल को अपने बॉलीवुड के कद के हिसाब से काफी छोटा मान रही थी।

फिल्म इंडस्ट्री में रखा चार साल में कदम

श्रीदेवी ने फिल्म इंडस्ट्री में मात्र चार वर्ष की उम्र में कदम रखा था। बॉलीवुड में उनकी जोड़ी सबसे अधिक अनिक कपूर के साथ पसंद की गई। दोनों ने साथ में 13 फिल्में की, जिन्हें फैंस का भरपूर प्यार मिला। अनिल के अलावा जितेंद्र के साथ भी श्रीदेवी की जोड़ी काफी चर्चित रही। दोनों ने साथ में कुल 16 फिल्में की है।

रेखा ने की डबिंग

माना जाता है कि बॉलीवुड के शुरूआती दिनों में श्रीदेवी को हिंदी बोलने में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। ऐसे में श्रीदेवी के लिए नाज और रेखा ने काफी समय तक डबिंग की।

मात्र 13 वर्ष में ली रजनीकांत से ज्यादा फीस

जानकार बताते हैं कि श्रीदेवी ने मात्र 13 वर्ष की आयु में ही रजनीकांत की मां का रोल निभाया था। इस रोल के लिए श्रीदेवी ने रजनीकांत से भी अधिक फीस ली थी। ये रोल काफी चर्चा का विषय बना था।

शादी के बाद बनाई एक्टिंग से दूरी

श्रीदेवी ने बोनी कपूर से शादी करने के बाद एक्टिंग की दुनिया से दूरी बना ली थी। अपनी शानदार एक्टिंग के जरिए फैंस के दिलों पर सालों तक राज करने वाली श्रीदेवी ने बेटियों की परवरिश के लिए एक्टिंग से ब्रेक लिया था। बाद में 15 वर्षों के अंतराल के बाद 2011 में उन्होंने फिल्म इंग्लिश विंगलिश से बॉलीवुड में वापसी की थी।

वर्ष 2013 में हुई पद्मश्री से सम्मानित

श्रीदेवी को उनके फिल्मों में किए गए योगदान के लिए भारत सरकार से वर्ष 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया। श्रीदेवी को अपने करियर के दौरान पांच बार फिल्म फेयर पुरस्कार से नवाजा गया था। वहीं भारतीय सिनेमा के 100 वर्ष पूरे होने पर उन्हें 100 साल की सबसे महान अभिनेत्री की लिस्ट में शामिल किया था।

 

समयलाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment