हॉरर फिल्मों के मशहूर निर्देशक श्याम रामसे का 67 साल की उम्र में निधन

Last Updated 18 Sep 2019 03:04:55 PM IST

हॉरर फिल्मों के शहंशाह माने जाने वाले फिल्मकार श्याम रामसे का आज यहां निधन हो गया। वह करीब 67 वर्ष के थे।


श्याम रामसे (फाइल फोटो)

भारतीय सिनेमा में हॉरर फिल्मों की वजह से लंबे समय तक एक खास जगह रखने वाले श्याम रामसे का जन्म 17 मई 1952 को हुआ था। बताया जा रहा है कि काफी समय से श्याम रामसे को सीने में दर्द की शिकायत थी। श्याम रामसे न्यूमोनिया से पीड़ित थे। हाल ही में ये दर्द बढ़ने के बाद उन्हें कोकिलाबेन हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां पर उनका इलाज चल रहा था, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी आज उनका निधन हो गया। श्याम रामसे का अंतिम संस्कार विले पाल्रे श्मशान में 18 सितम्बर को ही दोपहर में होगा।श्याम रामसे के परिवार में उनकी दो बेटियां साशा और नम्रता हैं।

रामसे ब्रदर्स ने बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों के चलन को शुरू किया और इसे मशहूर भी किया था। उन्होंने 30 से ज्यादा बॉलीवुड फिल्मों का निर्माण किया। 1970 से 1980 के बीच रामसे ब्रदर्स ने कई हॉरर फिल्में बनाईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया। सात साल तक धुआंधार चलने वाली टीवी सीरीज जी हॉरर शो के लिए मशहूर हुए श्याम रामसे और तुलसी कुमार ने मिलकर इसे बनाया था।

रामसे बद्र्स को हॉरर फिल्मों का दौर लाने वाला फिल्ममेकर माना जाता है। इन्होंने इंडस्ट्री में ऐसी शानदार हॉरर फिल्में बनाईं कि लोग इसके धमाकेदार बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को देख हैरान रह गए। आज भी कहीं न कहीं हॉरर फिल्मों में रामसे ब्रदर्स के सेट किए गए ट्रेंड को फॉलो किया जाता है। ऐसे में श्याम रामसे का निधन बॉलीवुड के लिए अपूरणीय क्षति है।

श्याम, रामसे ब्रदर्स के नाम से मशहूर सात रामसे भाइयों में से एक थे, जो अपने पिता फतेहचंद रामसिंघानी के साथ विभाजन के वक्त कराची से मुंबई आए थे। श्याम रामसे अपने सात भाइयों में से एक थे। सभी भाई एक साथ मिलकर फिल्मों के लिए काम करते थे। इसलिए इन्हें बॉलीवुड में रामसे ब्रदर्स के नाम से जाना जाता है।

श्याम के बड़े भाई तुलसी रामसे ने ‘वीराना’ बनाई थी, पिछले कुछ समय से वह उसके सीक्वल को बनाने की तैयारी कर रहे थे, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित भी थे। इससे पहले श्याम ने 1972 में बॉलीवुड की पहली हॉरर फिल्म ‘दो गज जमीन के नीचे’ बनाई थी।

रामसे बद्र्स की चर्चित फिल्मों में पुरानी हवेली ,वीराना, तहखाना, सबूत, होटल, पुराना मंदिर, धुंध और घुटन प्रमुख हैं। रामसे ब्रदर्स की अंतिम फिल्म‘कोई है ’2107 में प्रदर्शित हुयी थी।
 

वार्ता
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment