दुनिया

Last Updated 19 Apr 2019 06:42:24 AM IST

यह दुनिया सिर्फ एक ग्रह नहीं है। दुनिया का अर्थ है, इसके लोग। अगर आप वास्तव में शांति के लिए चिंतित हैं, तो बदलाव की जरूरत व्यक्तिगत स्तर पर है।


जग्गी वासुदेव

शांत लोग एक शांत विश्व का निर्माण करते हैं तो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में हमें जरूरत है शांति की संस्कृति की- कैसे लोग अपने शरीर को, अपने मन को, और साथ ही अपनी भावनाओं और ऊर्जाओं को एक शांतिमय अवस्था में बनाए रख सकते हैं! हमारी संस्कृति में, कुछ पीढ़ियों पहले, हर व्यक्ति के जीवन में कुछ सरल प्रक्रियाएं होती थीं जो उनकी आंतरिक खुशहाली का ख्याल रखती थीं।

दुर्भाग्यवश, आज अगर आप एक शब्द-योग-का उच्चारण करते हैं तो लोगों को बस एक ही ख्याल आता है कि आप को अपने शरीर को तोड़-मरोड़ कर किसी असंभव सी लगने वाले मुद्रा में लाना है। नहीं। योग, एक खास स्तर पर अपने अंदर सही ढंग की रासायनिक स्थिति बनाने का विज्ञान है। अपने अंदर एक ऊर्जावान, संतुलित तथा आनंदपूर्ण परिस्थिति बनाने के लिए हमारी संस्कृति में गहन तकनीकें हैं। तो हमें करना बस इतना है कि इन्हें सीखें और इन्हें सीखने सीखने और अमल में लाने की चाह हमारे भीतर हमेशा बनी रहनी चाहिए।

हर एक विचार और भावना के सामानांतर हमारे शरीर में एक रासायनिक प्रक्रिया होती है। कह सकते हैं कि अगर आप शांत हैं तो आप के शरीर के अंदर रासायनिक अवस्था एक खास तरह की होगी, और अगर आप वैसी रासायनिक स्थिति अपने अंदर बना सकें तो आप स्वाभाविक रूप से शांत रहेंगे। सही प्रकार के अभ्यास कर के आप अपनी अंदरूनी रासायनिक अवस्था में परिवर्तन ला सकते हैं, और इसको उस स्तर पर ला सकते हैं कि बाहरी परिस्थिति चाहे जैसी हो, आप हमेशा शांत रहेंगे।

कहना न होगा कि शांति और आनंद इस बात की गारंटी है कि आप अप्रिय काम नहीं करेंगे। वही काम करेंगे जो आपको प्रिय हैं, और पुरसुकून अहसास कराते हैं। ऐसा हो भी क्यों न? अगर आप अपने अंदर सुखद अवस्था में हैं तो आप दूसरों के साथ अप्रिय व्यवहार क्यों करेंगे? हमारी संस्कृति में ऊर्जावान, संतुलित तथा आनंदपूर्ण आंतरिक परिस्थिति का निर्माण करने की गहन तकनीकें हैं। हमें बस इन्हें सीखने और अमल में लाने की इच्छा चाहिए। जैसे कि यदि कोई ऐसा काम है, जिसे करने के लिए हमारे देश के लोगों को प्रतिबद्ध होना चाहिए, तो वह है पूरी दुनिया के आंतरिक बदलाव का रास्ता बनाना। इसी से हम दुनिया के आंतरिक के साथ ही कायाकल्प का रास्ता तय कर सकेंगे।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment