इजराइल के ईरान पर हमला करने और उसके बाद ईरानी हवाई क्षेत्र को बंद किए जाने के बाद शुक्रवार को एअर इंडिया की लंबी और बहुत लंबी दूरी की 16 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। एयरलाइन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 |
निजी विमानन कंपनी एअर इंडिया ने एक यात्रा परामर्श में यह भी कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।
इजराइल ने शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला किया, जिसमें ईरान के परमाणु संयंत्रों, बैलिस्टिक मिसाइल कारखानों और सैन्य कमांडरों को निशाना बनाया गया।
एअर इंडिया ने कहा कि ईरान में उभरते हालात, उसके बाद उसके हवाई क्षेत्र को बंद करने और हमारे यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर, एअर इंडिया की कुछ उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया जा रहा है या वे अपने मूल स्थान पर लौट रही हैं।
एअर इंडिया ने कहा कि उसकी उड़ान संख्या एआई130 - लंदन हीथ्रो-मुंबई को वियना, एआई102 - न्यूयॉर्क-दिल्ली को शारजाह, जबकि एआई116 - न्यूयॉर्क-मुंबई को जेद्दाह की ओर मोड़ दिया गया है।
एयरलाइन के अनुसार, इसके अलावा उड़ान संख्या एआई2018 - लंदन हीथ्रो-दिल्ली को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया है, जबकि एआई129 - मुंबई-लंदन हीथ्रो और एआई119 - मुंबई-न्यूयॉर्क को मुंबई वापस लाया जा रहा है।
एयरलाइन ने कहा कि दिल्ली से वाशिंगटन जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई103 दिल्ली वापस आ रही है, और एआई106 - नेवार्क-दिल्ली को वियना की ओर मोड़ा जा रहा है।
| | |
 |