मुकेश अंबानी बने दुनिया के 8वें सबसे अमीर व्यक्ति

Last Updated 02 Mar 2021 03:06:52 PM IST

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के अध्यक्ष मुकेश अंबानी 83 अरब डॉलर के साथ दुनिया के आठवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।


मुकेश अंबानी(फाइल फोटो)

एनर्जी-टू-टेलीकॉम दिग्गज आरआईएल के मूल्य में वृद्धि के मद्देनजर अंबानी की संपत्ति में साल-दर-साल के आधार पर 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 के बयान के मुताबिक, भारत का सबसे बड़ा निर्यातक रिलायंस देश के निर्यात का 8 प्रतिशत और सीमा शुल्क एवं उत्पाद शुल्क से प्राप्त होने वाले देश के कुल राजस्व का 5 प्रतिशत है। रिलायंस अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में भी पदार्पण की योजना बना रहा है। साथ ही इसने इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में उछाल से पहले बैटरी बनाने के कारोबार में भी उतरने का फैसला किया है।

पिछली हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट में अंबानी नौवें स्थान पर थे। जहां तक देशों के रैंक की बात है तो भारत 177 अरबपतियों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है जो पिछले साल की तुलना में 40 अधिक है।

कोरोना काल में वर्ष 2020 के दौरान भारत में 40 उद्यमी अरबपतियों की सूची में जुड़ गये। इन्हें मिलाकर भारत के कुल 177 लोग अरबपतियों की सूची में शामिल हो गये।

बयान में कहा गया है कि मुंबई अरबपतियों की राजधानी बन गई है। यहां अरबपतियों की संख्या 61 तक पहुंच गई है। इसके बाद 40 अरबपतियों के साथ दिल्ली दूसरे स्थान पर है। इन अरबपतियों की औसत आयु 66 साल है। भारतीय मूल के 32 और अरबपति हैं, जो भारत से बाहर रहते हैं। इनमें लंदन स्थित आर्सेलर मित्तल के एल.एन. मित्तल भी शुमार हैं।

अन्य भारतीयों में गौतम अडानी और परिवार शीर्ष 100 अरबपतियों में 48वें स्थान पर रहे। अडानी ग्रीन एनर्जी के 20 अरब डॉलर के वैल्यूएशन के साथ ही अडानी की दौलत बढ़कर लगभग दोगुनी 32 अरब डॉलर हो गई है।

गुजरात के उद्योगपति गौतम अदाणी की संपत्ति में भी अच्छा इजाफा हुआ है। मुकेश अंबानी के बाद वह दूसरे सबसे अमीर भारतीय बन गये हैं। उनके भाई विनोद की संपत्ति 128 प्रतिशत बढकर 9.8 अरब डालर हो गई।

आईटी कंपनी एचसीएल के शिव नाडर भारत के अरबपतियों की सूची में 27 अरब डालर की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर रहे।

महिन्द्रा समूह के आनंद महिन्द्रा की संपत्ति में भी 100 प्रतिशत वृद्धि हुई है और यह 2.4 अरब डालर हो गई। बॉयकोन की किरण मजूमदार की संपत्ति 41 प्रतिशत बढकर 4.8 अरब डालर हो गई। वहीं पतंजलि आयुव्रेद के आचार्य बालकृष्ण की संपत्ति इस दौरान 32 प्रतिशत घटकर 3.6 अरब डालर रह गई।

वैश्विक स्तर पर यदि बात की जाये तो टेस्ला के एलोन मुस्क 197 अरब डालर की संपत्ति के साथ सबसे शीर्ष पर रहे हैं। इसके बाद अमेजन के जैफ बेजोस का स्थान रहा है। उनकी संपत्ति 189 अरब डालर रही है।

इस रिपोर्ट में 15 जनवरी तक के आंकड़ों के मुताबिक व्यक्तिगत या फिर पारिवारिक संपत्ति के तौर पर आकलन किया गया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में चालू वित्त वर्ष के दौरान सात प्रतिशत गिरावट आने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के प्रकोप से बचने के लिये सरकार को लॉकडाउन लगाना पड़ा था।

हुरुन इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य शोधकर्ता अनास रहमान जुनैद ने कहा कि भारत में संपत्ति का सृजन चक्रीय अथवा परंपरागत उद्योगों पर आधारित है जबकि अमेरिका और चीन में यह प्रौघोगिकी उद्योग पर आधारित है।

रिपोर्ट के मुताबिक साफ्टवेयर कंपनी जैडक्लेर के जय चौधरी की संपत्ति इस दौरान 274 प्रतिशत बढकर 13 अरब डालर हो गई जबकि बायजू के रविन्द्रन और परिवार की संपत्ति 100 प्रतिशत बढकर 2.8 अरब डालर पर पहुंच गई।

विविध क्षेत्रों में कारोबार करने वाले महिन्द्रा समूह के प्रमुख आनंद महिन्द्रा और परिवार की संपत्ति भी इस दौरान दोगुनी होकर 2.4 अरब डालर हो गई। वहीं बायोकॉन की प्रमुख किरण मजूमदार शा की संपत्ति 41 प्रतिशत बढकर 4.8 अरब डालर, गोदरेज की स्मिता वी क्रिष्णा की संपत्ति 4.7 अरब डालर और लुपिन की मंजू गुप्ता की संपत्ति 3.3 अरब डालर पर पहुंच गई।

वैश्विक स्तर पर यदि बात की जाये तो टेस्ला के एलोन मुस्क 197 अरब डालर की संपत्ति के साथ सबसे शीर्ष पर रहे हैं। इसके बाद अमेजन के जैफ बेजोस का स्थान रहा है। उनकी संपत्ति 189 अरब डालर रही है। फ्रांस के फ्रेंचमैन बनार्ड अमाल्ट की संपत्ति 114 अरब डालर रही है।




 

भाषा/आईएएनएस
नयी दिल्ली/मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment