भारत के खिलाफ षड्यंत्र रचने वालों की साजिश की बू
भारतीय खुफिया एजंसियों द्वारा पाकिस्तान समेत दुनिया के तमाम देशों में रहने वाले दुश्मन या भारत के खिलाफ षड्यंत्र रचने वालों को भारतीय खुफिया एजेंसियों द्वारा खत्म किया जा रहा है।
![]() भारत के खिलाफ षड्यंत्र रचने वालों की साजिश की बू |
ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ में यह खबर प्रकाशित हुई है जिससे पाकिस्तान में अचानक खलबली मच गई है। भारत सरकार ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे झूठा और दुर्भावनापूर्ण भारत विरोधी प्रचार बताया। सवाल यह भी उठ रहा है कि पाकिस्तान संभवत: ये हत्याएं स्वयं करवा रहा हो।
द गार्जियन दुनिया भर में बेहद सम्मानित 202 वर्ष पुराना अखबार है। सेंट्रर-लेफ्ट विचारधारा वाला यह अखबार अपने स्कूफ्स यानी सनसनीखेज खबरों के लिए भी जाना जाता है। अखबार ने 2019 में पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उठाए गए साहसिक कदम की भी बात की है। इसने 2020 से अब तक भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले बीस आतंकवादियों की हत्या अज्ञात हमलावरों द्वारा होने की भी चर्चा की है।
पाकिस्तानी मीडिया इस रिपोर्ट के हवाले से कह रहा है कि मोदी सरकार ने इन हत्याओं के आदेश दिए और यह भी कि रॉ कुख्यात एजेंसी है। पाकिस्तान को सबसे खतरनाक देश कहने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अभी बीते दिनों अचानक उसका समर्थन करते रहने का बयान देकर चौंका दिया था। उधर, चीन का भी पाकिस्तानी के प्रति सकारात्मक रुख स्पष्ट है। ऐसे में जब देश में आम चुनाव चालू है, पाकिस्तान जैसे देश के प्रति अपना झुकाव दर्शाने वाले देश या बयान दीर्घकालिक कूटनीतिक संकेत दे रहे हैं।
अपने देश की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना और आतंक फैलाने के मंसूबों को ध्वस्त करना विश्व शांति के लिए बेहद आवश्यक है।
खासकर ऐसे समय में जब दुनिया भर को आतंकवाद को प्रश्रय देने के मामले में पाक की करतूतें किसी से छिपी नहीं हैं। विभिन्न अवसरों पर विश्व मंच से बार-बार इस बात को दोहराया गया है, और पाकिस्तान को चेतावनी भी दी जाती रही है। विश्व पटल पर तेजी से मजबूत होती जा रहे भारत के प्रति वैमनस्य रखने वाली मानसिकता की अनदेखी नहीं जानी चाहिए।
भारत सरकार को इस पर सिर्फ विरोध ही नहीं करना चाहिए, बल्कि सख्त जवाब की दरकार भी करनी चाहिए ताकि किसी भी दुष्प्रचार का पर्दाफाश कर अपना पक्ष स्पष्ट किया जा सके।
Tweet![]() |