गहलोत की गुगली से BJP राज्य में असहज स्थिति में
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की गुगली से BJP राज्य में असहज स्थिति में आ गई है।
![]() राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत |
खासकर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता वसुंधरा राजे (BJP leader Vasundhara Raje) और एक अन्य भाजपा विधायक पर कांग्रेस की सरकार बचाने की बात कहकर गहलोत ने सियासी रोटी पलट दी। गहलोत की इस गुगली का जवाब फिलवक्त भाजपा को नहीं सूझ रहा है।
ज्ञातव्य है कि गहलोत ने रविवार को यह बयान देकर सनसनी फैला दी कि 2020 में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा नेता कैलाश मेघवाल ने मेरी सरकार बचाने में मदद की थी। गहलोत ने साथ में अपनी ही पार्टी के सचिन पायलट को घेरने की कोशिश की। गहलोत के इस विस्फोटक बयान को खारिज नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने विधानसभा चुनाव से कुछेक महीने पहले भाजपा की मुख्यमंत्री पद की दावेदार और कांग्रेस में दमदारी के साथ मौजूद सचिन पायलट की निष्ठा को सार्वजनिक कर दोनों नेताओं को नैतिक तौर पर कमजोर करने का सोचा-समझा रास्ता चुना है।
गहलोत को इस बात का डर बखूबी है कि आसन्न चुनाव उनके लिए आसान नहीं होगा। सचिन पायलट ने जिस तरह से उनके खिलाफ तलवार खींच रखी है, उससे उनका खेल कमजोर पड़ सकता है। यही वजह है कि उन्होंने ऐन वक्त पर वसुंधरा और पायलट को बे-पर्दा करने वाली रणनीति अपनाई। हालांकि गहलोत के इस दांव पर वसुंधरा ने सिर्फ इतनी टिप्पणी की कि 2023 के चुनाव में होने वाली हार से डर कर वह झूठ बोल रहे हैं।
मगर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऐसा बयान गहलोत ने एक ही झटके में वसुंधरा की पार्टी में मजबूती और निष्ठा को कमजोर कर दिया। गहलोत यहीं पर नहीं रुके और उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह पर उस वक्त सरकार गिराने के वास्ते कांग्रेस के बागी विधायकों को 10-20 करोड़ देने के बेहद गंभीर आरोप भी जड़ दिए।
साफ है कि गहलोत अब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से आमने-सामने की लड़ाई की शुरुआत भी कर दी है। साथ ही कांग्रेस आलाकमान की नजर में भाजपा की पहली पांत के नेताओं के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार करने की ताकत भी दिखा दी।
देखना है, भाजपा गहलोत के इस ‘जादुई तेवर’ का मुकाबला किस तरह करती है। फिलहाल तो यही प्रतीत हो रहा है कि गहलोत अपने प्रतिद्वंद्वियों पर हमलावर रुख अपनाकर राज्य की जनता के अलावा पार्टी में अपनी स्थिति मजबूत करने की नीति पर कुशलतापूर्वक अग्रसर हैं।
Tweet![]() |