कार्यकारिणी का संदेश

Last Updated 19 Jan 2023 01:30:34 PM IST

भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक का मुख्य फोकस इस वर्ष होने वाले 9 राज्यों के विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोक सभा के चुनाव थे।


कार्यकारिणी का संदेश

मेघालय, त्रिपुरा, नगालैंड, कर्नाटक, मिजोरम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। इन्हें 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। इसलिए बैठक में इन राज्यों के चुनावों को लेकर मंथन किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने का मंत्र देते हुए कहा कि लोक सभा चुनाव में सिर्फ 400 दिन रह गए हैं। सभी लोग तैयारी में जुट जाएं। सभी मतदाताओं तक पहुंचें, बगैर सोचे कि वे आपको वोट दे रहे हैं, या नहीं। जाहिर है कि प्रधानमंत्री के वक्तव्यों से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह अवश्य आया होगा। मोदी के नेतृत्व में भाजपा 2014 में केंद्र में सत्ता में आई थी। उसके बाद भाजपा ने कई चुनाव जीते।

मोदी की कार्यशैली, लोकप्रियता और नेतृत्व इसकी बड़ी वजह है। कार्यकारिणी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल को जून, 2024 तक विस्तार दिया गया यानी वे 2024 के लोक सभा चुनाव तक पद पर बने रहेंगे। कार्यकारिणी में नड्डा का वक्तव्य भी चर्चा का विषय बना।

उन्होंने कहा कि यह साल हमारे लिए बहुत महत्त्वपूर्ण है। हमें 9 प्रदेशों में चुनाव लड़ना है। कमर कस लीजिए। हमें सभी 9 राज्यों में जीत दर्ज करनी है। कह सकते हैं कि उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को कड़ी चुनौती दी है। पांच राज्यों में भाजपा अकेली या  साथी दलों के साथ सरकार में है।

इन दिनों भाजपा को चुनाव जीतने की मशीन के तौर पर देखा जा रहा है, ठीक उसी तरह जैसे क्रिकेट में कभी सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर को रन बनाने की मशीन कहा जाता था। लेकिन सभी 9 राज्यों के चुनाव जीतना भाजपा के लिए आसान नहीं है।

कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा को विरोधी दलों की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। त्रिपुरा में कांग्रेस और वामपंथी दलों की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। राष्ट्रीय स्तर पर नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता का लाभ भाजपा को भले मिल जाए लेकिन राज्यों में भी ऐसा ही होगा, कहना मुश्किल है। बहरहाल, इस कार्यकारिणी से यह अवश्य स्पष्ट हुआ कि भाजपा चुनाव तैयारियों में सभी दलों से बहुत आगे है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment