अटूट दोस्ती

Last Updated 08 Dec 2021 12:29:57 AM IST

पुतिन मात्र छह घंटे के लिए दिल्ली आए और भारत-रूस की दोस्ती को और मजबूत कर गए।


अटूट दोस्ती

दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र में हुए 28 महत्वपूर्ण करार इसकी ताकीद करते हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने भारत को बड़ी ताकत, और परखा हुआ दोस्त बताया बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दोनों की दोस्ती को अनोखा और विस्त मॉडल कहा और एक दूसरे की निसंकोच मदद की भावना की तारीफ की। दोनों देशों ने रक्षा सहयोग दस साल और बढ़ाने का समझौता किया और 20 लाख टन तेल की आपूर्ति के लिए भी एक साल का समझौता किया है।

कोरोना महामारी फैलने के बाद पुतिन की यह मात्र दूसरी विदेश यात्रा है। रूस से हो रही एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली की आपूर्ति को भारतीय सेना को आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि इस पर अमेरिकी प्रतिबंधों का साया मंडरा रहा है। लेकिन भारत को इसकी परवाह नहीं होनी चाहिए क्योंकि भारत एक संप्रभु देश है। दोनों देशों ने मिलकर एके-203 राइफल बनाने का भी फैसला किया है। शीत युद्ध के दौरान भारत को सोवियत संघ का करीबी माना जाता था। उन ऐतिहासिक संबंधों की आंच अब भी बची हुई है। हालांकि सोवियत संघ के विघटन के बाद भारत की अमेरिका के साथ नजदीकियां बढ़ी हैं, इस लिहाज से पुतिन का भारत दौरा प्रतीकात्मक रूप से काफी अहम है।

भारत-रूस संबंधों को लेकर अनेकों अटकलें लगाई जाती रही हैं इस बात को लेकर खूब संदेह रहे हैं कि रूस की चीन के साथ और भारत की अमेरिका के साथ नजदीकियों का इन संबंधों पर क्या असर पड़ेगा। पुतिन के दौरे ने उन सारी शंकाओं पर विराम लगा दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश बहुत तेजी से एक दूसरे के करीब आए हैं। वक्त के साथ दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत होते गए हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत और चीन के बीच संबंध कुछ समय से लगातार खराब चल रहे हैं। चीन की व्यापार नीतियों से खफा अमेरिका भी चीन से निपटनें के लिए भारत का साथ लेना चाहता है। इसलिए चार देशों के संगठन क्वाड सिक्यॉरिटी डायलॉग को भी मजबूत किया जा रहा है। चीन और रूस की करीबियों को लेकर भारतीय पक्ष में हलचल बनी रहती है, लेकिन पुतिन के भारत दौेरे ने ऐसी किसी भी चिंता को काफी हद तक दूर कर दिया है। हैदराबाद हाउस में वार्ता से पहले मोदी-पुतिन में दिखी गर्मजोशी ने यह इशारा दे दिया है कि दुनिया में चाहे जितने भी उतार चढ़ाव आएं दोनों देशों की दोस्ती बनी रहने वाली है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment