ममता की महत्वाकांक्षा

Last Updated 03 Dec 2021 02:53:49 AM IST

अब यूपीए जैसी चीज नहीं रह गई है, ऐसा कहकर तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यंमत्री ममता बनर्जी ने अपनी दिशा स्पष्ट कर दी है।


ममता की महत्वाकांक्षा

पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस पर हमलावर ममता उग्र रुख अख्तियार किए हुए हैं। कई राज्यों-त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और गोवा-में कांग्रेस नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कराकर ममता ने यह जता दिया है कि वह अब अपने राष्ट्रीय अभियान में कांग्रेस को सबसे ज्यादा निशाने पर रखेंगीं।

दरअसल, ममता कांग्रेस नेतृत्व पर इसलिए ज्यादा आक्रामक है क्योंकि कांग्रेस आलाकमान ने ममता की उस सलाह को रत्ती भर भी तवज्जो नहीं दी कि विपक्ष में रणनीति बनाने के लिए एक सलाहकार परिषद का गठन किया जाए।

कांग्रेस के इस ठंडे रुख ने ममता को मजबूर किया कि बिना कांग्रेस को शामिल किए एक ऐसा मोर्चा बनाया जाए जो भाजपा के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ सके। यही वजह है कि ममता क्षेत्रीय दलों की मजबूती और उनकी एकजुटता पर ज्यादा जोर दे रहीं हैं।

इसी रणनीति के तहत ममता ने उन राज्यों में चुनाव नहीं लड़ने का मन बनाया है जहां क्षेत्रीय दल बेहद ताकतवर हैं।

ममता की महत्त्वाकांक्षा दरअसल बंगाल चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने के बाद ज्यादा बलवती हुई है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और ताकत का प्रदर्शन करने में अपना फायदा देख रहीं हैं। आहिस्ता-आहिस्ता क्षेत्रीय दलों के नेताओं से मुलाकात के बहाने ममता यह भी जान लेना चाहती हैं कि किस दल की क्या हैसियत है?

ज्ञातव्य है कि राजनीति में संख्या का ही महत्त्व होता है। अगर ममता राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के बिना एक मजबूत मंच बनाने में सफल हो जाती हैं तो निश्चित तौर पर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ेंगी।

फिलहाल कांग्रेस ने अपनी प्रतिक्रिया को संतुलित रखा है, लेकिन जिस तरह से नये फ्रंट के गठन में कांग्रेस को फिलवक्त अलग रखा गया है, यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस क्या रास्ता अपनाती है? वह इस नये मोच्रे में शामिल होने के लिए लचीला रवैया अपनाती है या अकेले चलने का फैसला लेती है।

इस बात से हर कोई इत्तेफाक रखेगा कि कांग्रेस की चमक धुंधली होती जा रही है। भाजपा जिस आक्रामकता और रणनीतिक कौशल से पूरे देश में विजय पताका फहरा रही है; वह वाकई चमत्कारिक है। कांग्रेस उसके आगे कहीं नहीं टिकती। भाजपा से मुकाबला करना है तो अंदाज भी वैसा ही रखना होगा।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment