सफल जनता कर्फ्यू
जनता कर्फ्यू का सफल होना निश्चित रूप से राहतकारी है। कारोना जैसी वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए सबसे ज्यादा आवश्यकता संकल्प और संयम की है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यही समझाया था।
![]() सफल जनता कर्फ्यू |
पूरा देश इस संकल्प से भूमिका निभाए कि हमें हर हाल में कोरोना महामारी के हमले को परास्त करना है। इसके लिए संयम चाहिए। संयम यानी अपने को जब तक आवश्यकता हो स्वयं के द्वारा कैद कर देना तथा डॉक्टरों के निर्देश का पालन करना।
समाज के कुछ लोग ऐसा करें और कुछ नहीं इससे हम कोरोना पर विजय नहीं पा सकते। जो नहीं करेंगे उन पर संक्रमण का खतरा हमेशा मंडराता रहेगा और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है। पहले चीन, उसके बाद इटली, स्पेन, ईरान, फ्रांस, ब्रिटेन आदि इसके डरावने उदाहरण हैं। हमारे यहां अभी मरीजों की संख्या ज्यादा नहीं है, लेकिन यह कभी भी विस्फोटित हो सकता है।
उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों तक इसका फैलाव चिंताजनक है। बिहार से भी एक कोरोना संक्रमित मरीज की मृत्यु की खबर आ चुकी है। इसमें हमारा साहस और धैर्य के साथ अपने को समाज के संसर्ग से दूर रखना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। हर लड़ाई के अपने तरीके हैं। किसी लड़ाई में हम आमने-सामने आकर लड़ते हैं। इस लड़ाई में हमें अपने को सबसे अलग कर लेना है।
यह सरकार की ओर से हो इससे बेहतर है कि हमें स्वयं को ही पाबंदियों के जकड़ने में ले आएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में यही अपील की। उनकी निजी लोकप्रियता और विसनीयता है जिसका असर हम जनता कर्फयू में देख रहे हैं। इससे जागरूकता भी फैली है। मीडिया में ने इस मामले में जन जागरण की दृष्टि से अत्यंत ही सकारात्मक भूमिका निभाई है। कुछ लोगों का मानना था कि शहरों में तो शायद यह सफल हो जाए लेकिन गांवों में नहीं हो सकता। यह अनुमान गलत साबित हुआ है।
ज्यादातर गांवों में भी आवश्यक कार्य छोड़कर सम्पूर्ण कर्फ्यू की स्थिति है। सच कहा जाए तो प्रधानमंत्री के आह्वान पर यह कोरोना के खिलाफ भारत की पहली सामूहिक एकजुटता है। लेकिन इससे यह नहीं मान लेना चाहिए कि हमने एक दिन अपने को बंद रखा और हमारी जिम्मेवार खत्म। आगे भी हमें इसी तरह का संयम दिखाना है। हम जहां हैं वहीं रहने की कोशिश करें, किसी शहर से निकल भागने का प्रयास न करें। हां, इस बीच सरकारें एवं संपन्न लोग उनका जरूर ध्यान रखें जो दैनिक कमाई पर निर्भर हैं।
Tweet![]() |