राहुल का इस्तीफा

Last Updated 05 Jul 2019 03:37:07 AM IST

अंतत: राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से औपचारिक तौर पर इस्तीफा दे दिया।


राहुल का इस्तीफा

समझा जाता है कि इसी के साथ उन अटकलों का दौर थम जाएगा, जो 25 मई को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी के इस्तीफे की घोषणा के बाद से चल रहा था। राहुल गांधी ने हाल ही में संपन्न लोक सभा चुनाव में पराजय की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया है, ताकि पार्टी को भविष्य के लिए तैयार किया जा सके। उनके इस्तीफे की गंभीरता उस समय और बढ़ जाती है, जब वे पार्टी के कई नेताओं को लोक सभा चुनाव में हार के लिए जिम्मेदार मानते हैं। इससे कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की संभावना प्रबल हो गई है।

ऐसे में पार्टी के बड़े-बड़े पदाधिकारियों के इस्तीफे, कार्य समिति के पुनर्गठन और नये अध्यक्ष की नियुक्ति की संभावना प्रबल हो गई है। अब देखना यह है कि पार्टी आगे क्या प्रक्रिया अपनाती है, लेकिन राहुल गांधी ने स्थिति स्पष्ट कर भ्रम के माहौल का काफी हद तक दूर कर दिया है। पार्टी के नये अध्यक्ष के रूप में कई नामों पर कयासबाजी चल रही है, इसके बावजूद इसकी संभावना कम ही दिखती है कि पार्टी गांधी परिवार के बिना निश्चिंतता के साथ और समुचित तरीके से काम कर पाएगी।

अगर गांधी परिवार के बाहर का कोई व्यक्ति अध्यक्ष बन भी जाए, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी संचालन में उसके पास वास्तविक अधिकार रहता है या नहीं? असल सवाल पार्टी संगठन में बदलाव का नहीं है, बल्कि पार्टी को वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का है। अगर राहुल गांधी के मुताबिक पार्टी संगठन में बदलाव हो भी जाए, तब भी अगर पार्टी वैचारिक धरातल पर उसी पुराने ढर्रे पर चलती रहे, तो इस कवायद से अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं किए जा सकेंगे। लोक सभा चुनाव परिणाम से एक बात साफ है कि जनता कांग्रेस पार्टी के विचारों को खारिज कर रही है।

समय की मांग है कि कांग्रेस पार्टी को पराजय के कारणों का निर्ममतापूर्वक मूल्यांकन कर भविष्य के लिए समुचित व ठोस रणनीति बनानी होगी। लोक सभा चुनाव परिणाम के बाद से राहुल गांधी या पार्टी ने जिस प्रकार कुछ मसलों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है, वह आशाजनक नहीं लगती। खुद राहुल गांधी के इस्तीफे की भाषा से भी इसकी ध्वनि आती है। जनादेश पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से सवाल करना पार्टी के लिए घातक होगा। इसका फायदा भाजपा को यों ही मिल जाएगा। इस नाते सावधानीपूर्वक और समझ के साथ आगे बढ़ना होगा।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment