देशभक्ति बनाम राष्ट्रवाद

Last Updated 13 Nov 2018 12:10:24 AM IST

दुनिया भर में बढ़ते राष्ट्रवाद और कूटनीतिक तनाव की पृष्ठभूमि के बीच प्रथम विश्व युद्ध के सौ साल पूरे होने के अवसर पर विश्व नेताओं के एकजुट होने का सांकेतिक अर्थ यही है कि विश्व में शांति, सहयोग और सद्भाव स्थापित हो और भविष्य में अब कोई युद्ध न हो।


देशभक्ति बनाम राष्ट्रवाद

लेकिन पूरी दुनिया में देशभक्ति, राष्ट्रभक्ति के नाम पर जिस तरह के संकुचित राष्ट्रवाद का उभार हो रहा है, वह आगे चलकर संघर्ष पैदा कर सकता है, और दुनिया विश्व युद्ध के मुहाने पर जा खड़ी हो सकती है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन समेत विश्व के अन्य नेताओं की उपस्थिति में इस बात के प्रति अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने देशभक्ति और राष्ट्रवाद के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि देशभक्ति राष्ट्रवाद के विपरीत अर्थ देती है, राष्ट्रवाद देशभक्ति का विश्वासघात है। दरअसल, उनका कहने का आशय यह है कि किसी भी देश का हित इसमें नहीं है कि वह सिर्फ अपनी बात करे। विश्व की भलाई में ही उसके देश के हित निहित हैं।

वास्तव में पूरी दुनिया में जिस तरह के तनाव और मतभेद पैदा हो रहे हैं, उनके आलोक में सबसे अधिक जरूरत इस बात की है कि देशभक्ति अंतरराष्ट्रीयवादी होनी चाहिए और इसी में विश्व का हित निहित है। इसी विचारधारा के जरिए हम विश्व में शांति, सहयोग और सद्भाव की स्थापना कर सकते हैं क्योंकि प्रथम विश्व युद्ध के बाद स्थायी शांति कायम करने के जो प्रयास किए गए, वे असफल रहे और पूरी दुनिया को दूसरे विश्व युद्ध की विभीषिका झेलनी पड़ी।

आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जिस तरह के अमेरिकी आर्थिक संरक्षणवाद को आगे बढ़ा रहे हैं, वह संकुचित राष्ट्रवाद का ही एक रूप है, जो भविष्य में तनाव और संघर्ष को और तीव्र कर सकता है। इसीलिए प्रथम विश्व युद्ध के सौ साल पूरे होने पर इस युद्ध में शहादत देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए पेरिस में एकत्र हुए विश्व नेताओं को फ्रांसीसी राष्ट्रपति के राष्ट्रवाद और देशभक्ति के विचार को अंगीकार करने की जरूरत है।

भारत की ओर से उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित थे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस युद्ध में शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए विश्व शांति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment