IPL 2023 : ग्रीन, आकाश ने मुंबई को दिलाई शानदार जीत

Last Updated 22 May 2023 06:55:50 AM IST

आकाश मधवाल (Akash Madhwal) (37 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद कैमरून ग्रीन (Camroon Green) की नाबाद आतिशी शतकीय पारी के दम पर मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने इंडियन प्रीमियर लीग टी-20 मैच (Indian Premier League T20 Match) में रविवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrise Hyderabad) को 12 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखी।


मुंबई : शतकीय पारी के दौरान शॉट खेलते कैमरून ग्रीन।

हैदराबाद ने मयंक अग्रवाल की 83 रन पारी के साथ शुरुआती विकेट के लिए विवरांत शर्मा (69) के साथ 83 गेंद में 140 रन की साझेदारी से पांच विकेट पर 200 रन बनाए थे। मुंबई ने 18 ओवर में दो विकेट गंवा पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत से मुंबई के 14 मैचों में 16 अंक हो गए हैं।

ग्रीन ने 47  गेंद की नाबाद पारी में आठ चौके और इतने ही छक्के लगाने के साथ कप्तान रोहित शर्मा (37 गेंद में 56 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए  65 गेंद में 128 रन और सूर्यकुमार यादव (16 गेंद में नाबाद 25 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 गेंद में 53 रन की अटूट साझेदारी की। रोहित ने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया जबकि सूर्यकुमार यादव  ने चार चौके जड़े। हैदराबाद के लिए सिर्फ भुवनेर कुमार ही गेंद से प्रभाव छोड़ सके। इससे पहले मयंक ने 46 गेंद की पारी में आठ चौके और चार छक्के लगाए तो वहीं विवरांत ने 47 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। दोनों विकेट मधवाल ने लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ईशान किशन (12 गेंद में 14 रन) ने दूसरे ओवर में नीतिश रेड्डी के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर आक्रामक तेवर दिखाए लेकिन वह अगले ओवर में भुवनेर की गेंद पर हैरी ब्रुक को कैच दे बैठे। कैमरून ग्रीन ने पहली ही गेंद पर चौका लगाने के बाद पांचवें ओवर में नीतिश रेड्डी, छठे ओवर में कार्तिक त्यागी के खिलाफ एक-एक छक्का और सातवें ओवर में डागर के पर दो  छक्के जड़ दिए।

नेट रन रेट बेहतर करने की कोशिश में रोहित ने नौवें ओवर में विवरांत के नो बॉल पर छक्का जड़ा। ग्रीन ने इसी ओवर में छक्के के साथ 20 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद एक रन के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया। रोहित ने अगले ओवर में उमरान मलिक के खिलाफ हैट्रिक चौका जड़ दिया। ग्रीन ने 11वें ओवर में चौका लगाने के बाद एक रन के साथ महज 51 गेंद में रोहित के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की। अगले ओवर में त्यागी पर चौके के साथ रोहित ने 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। इसी ओवर में सनवीर ने रोहित का आसान कैच टपका दिया। ग्रीन से 13वें ओवर में दो छक्के खाने के बाद नीतिश रेड्डी ने अगले ओवर में डागर की गेंद पर हवा में छलांग लगाकर रोहित का कैच लपका। सोलहवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये उमरान मलिक के खिलाफ ग्रीन ने चौका और छक्का तथा सूर्यकुमार ने दो चौके लगाकर 20 रन बटोरे और मुंबई की जीत के करीब पहुंचा दिया। ग्रीन ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर पर एक रन के साथ अपना आईपीएल में अपना पहला सैकड़ा पूरा किया और टीम को जीत दिला दी।

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment