रणजी ट्रॉफी : पृथ्वी शॉ ने जमाया तूफानी तिहरा शतक

Last Updated 12 Jan 2023 11:10:54 AM IST

पृथ्वी शॉ (379) के तूफानी तिहरे शतक और अजिंक्य रहाणे (191) के शतक की मदद से मुंबई ने असम के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-बी मुकाबले के दूसरे दिन बुधवार को 687 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।


पृथ्वी शॉ

मुंबई के पारी घोषित करने के बाद असम ने दिन का खेल खत्म होने से पूर्व एक विकेट के नुकसान पर 129 रन बना लिये। सलामी बल्लेबाज शुभम मंडल 40 रन बनाकर आउट हो गये, हालांकि राहुल हारिका (60) और ऋषव दास (26) विकेट पर मौजूद हैं।

पृथ्वी शॉ ने सिर्फ 383 गेंदें खेलकर 98.96 के दमदार स्ट्राइक रेट से 379 रन बनाये। उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी में 49 चौके और चार छक्के जड़े। शॉ ने इसी के साथ रणजी ट्रॉफी के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया, जबकि सबसे बड़ा स्कोर (443) महाराष्ट्र के बीबी निंबलकर ने 1984-49 में बनाया था।

सलामी बल्लेबाज ने रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए सबसे बड़ा स्कोर बनाने का संजय मांजरेकर (377) का 32 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। शॉ का साथ देते हुए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी शतक जड़ा, हालांकि वह अपने दोहरे शतक से नौ रन दूर रह गये। रहाणे ने 302 गेंदों पर 15 चौकों और दो छक्कों के साथ 191 रन बनाते हुए शॉ के साथ 401 रन की साझेदारी की।

दोनों बल्लेबाजों का विकेट रियान पराग (167/2) ने लिया। शॉ ने इस रिकॉर्डतोड़ तिहरे शतक के साथ बोर्ड का दरवाजा खटखटाया है, जिसने फिलहाल टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा नहीं की है।

वार्ता
गुवाहाटी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment