UP के वृंदावन पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, विभिन्न मंदिरों में करेंगी दर्शन-पूजन

Last Updated 25 Sep 2025 01:05:07 PM IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को अपनी एक दिवसीय यात्रा पर महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन से नई दिल्ली से मथुरा स्थित वृंदावन पहुंचीं।


राष्ट्रपति पूर्वाह्न 10 बजे 18 डिब्बों वाली आलीशान विशेष ट्रेन में सवार होकर वृंदावन रोड स्टेशन पहुंचीं।

इस ट्रेन में महाराजा एक्सप्रेस के 12 डिब्बे शामिल थे जिनमें राष्ट्रपति और उनके कर्मचारियों के लिए एक प्रेसिडेंशियल सुइट, डीलक्स सुइट, रेस्टोरेंट और लाउंज शामिल थे।

राष्ट्रपति कार्यालय के एक बयान के मुताबिक, मुर्मू के यात्रा कार्यक्रम में प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन शामिल हैं।

राष्ट्रपति वृंदावन में अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान श्री बांके बिहारी मंदिर, निधिवन और कुब्जा कृष्ण मंदिर में दर्शन—पूजा करेंगी। वह वृंदावन में सुदामा कुटी भी जाएंगी और मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान में दर्शन और पूजन करेंगी।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम की पुष्टि की और बताया कि गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, महापौर विनोद कुमार अग्रवाल और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

कुब्जा कृष्ण मंदिर में एक विशेष 'महाआरती' का आयोजन किया गया है। मंदिर के एक पुजारी ने बताया कि विश्व शांति और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) और एटीएस कमांडो की आठ कंपनियों सहित 4,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर मौजूद हैं और शहर को नो-फ्लाई ज़ोन बनाया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा, ''हम सोशल मीडिया पर नजर रख रहे हैं और सभी संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दी जाएगी।''

राष्ट्रपति के काफिले के मार्गों पर यातायात को दूसरे मार्गों पर मोड़ा गया है और निषेधाज्ञा लागू की गयी है।

राष्ट्रपति विशेष ट्रेन से शाम को मथुरा जंक्शन से दिल्ली रवाना होंगी।

भाषा
मथुरा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment