सूर्यकुमार दुनिया के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज बने

Last Updated 03 Nov 2022 07:04:52 AM IST

भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पिछले कुछ समय में अपनी शानदार फॉर्म की बदौलत बुधवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नवीनतम टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए।


सूर्यकुमार दुनिया के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज बने

पिछले हफ्ते सिडनी में नीदरलैंड के खिलाफ 25 गेंद में नाबाद 51 रन की पारी की बदौलत सूर्यकुमार ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

वह सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं जो टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंचे हैं। इससे पहले विराट कोहली सितम्बर 2014 से दिसम्बर 2017 के बीच विभिन्न समय पर 1013 दिन तक शीर्ष पर रहे थे। सूर्यकुमार के 863 अंक हैं जो किसी भारतीय के दूसरे सर्वश्रेष्ठ अंक हैं। कोहली ने सितम्बर 2014 में 897 अंक हासिल किए थे।

पिछले साल मार्च में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के बाद से सूर्यकुमार ने भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने के अलावा विश्व क्रिकेट में अपनी पहचान खेल के सबसे छोटे प्रारूप के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक के रूप में बनाई है। सूर्यकुमार ने भारत के लिए 37 टी-20 मुकाबले खेलते हुए एक शतक और 11 अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने 13 वनडे मैच खेले हैं। रिजवान के 842 अंक हैं। न्यूजीलैंड के डेवोन कॉवे 792 अंक के साथ शीर्ष तीन में शामिल हैं।

न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स श्रीलंका के खिलाफ 104 और इंग्लैंड के खिलाफ 62 रन की पारियों की बदौलत पांच अंक के फायदे से कॅरियर के सर्वश्रेष्ठ सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ 109 रन की पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका के रिली रोसेयु भी शीर्ष 10 में शामिल हो गए हैं। वह 17 स्थान की छलांग से करियर के सर्वश्रेष्ठ आठवें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर तीन स्थान आगे बढ़कर 14वें जबकि अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज चार स्थान के फायदे से संयुक्त 17वें स्थान पर चल रहे हैं।

साप्ताहिक अपडेट के बाद गेंदबाजों की सूची में श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा चार स्थान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। पिछले साल टी-20 विश्व कप के दौरान शीर्ष गेंदबाज बने हसरंगा के अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान से सिर्फ तीन अंक कम हैं। भारत के रविचंद्रन अिन तीन स्थान के फायदे से 18वें पायदान पर पहुंच गए हैं। अर्शदीप सिंह भी 16 स्थान की लंबी छलांग के साथ 27वें स्थान पर हैं।

भाषा
दुबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment