INDvsZIM 2nd ODI : भारत का वनडे सीरीज पर कब्जा

Last Updated 21 Aug 2022 06:53:39 AM IST

टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की अगुआई में अपने गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर भारत ने दूसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में शनिवार को जिम्बाब्वे को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की विजयी बढत बना ली।


हरारे : भारत के लिए नाबाद 43 रन की पारी के दौरान स्ट्रोक लगाते सैमसन।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने मेजबान को 161 रन पर आउट कर दिया। जवाब में भारत ने कमोबेश आसान लक्ष्य को हासिल करने में पांच विकेट गंवा दिये। कप्तान केएल राहुल ने अगले सप्ताह शुरू हो रहे एशिया कप से पहले बल्लेबाजी अभ्यास के लिये शिखर धवन के साथ पारी की शुरूआत की लेकिन दूसरे ही ओवर में पांच गेंद में एक रन बनाकर विक्टर एनयुची की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।
धवन और शुभमन गिल ने दूसरे विकेट के लिये 42 रन जोड़े। पहले वनडे में भारत को दस विकेट से जीत दिलाने वाली इस जोड़ी को तनाका चिवांगा ने सातवें ओवर में धवन को इनोसेंट काइया के हाथों लपकवाकर तोड़ा। इसके बाद ल्यूक जोंगवे ने 12वें और 14वें ओवर में क्रमश: ईशान किशन (छह) और गिल (33) को पवेलियन भेजकर भारत को दो झटके दिये। दीपक हुड्डा (25) और संजू सैमसन (नाबाद 43) ने 56 रन की साझेदारी करके जीत को आसान बना दिया। हुड्डा उस समय सकिंदर रजा का शिकार हुए जब भारत को नौ रन की जरूरत थी। सैमसन ने काइया को छक्का लगाकर विजयी रन लिये।
इससे पहले दीपक चाहर की गैर मौजूदगी में टीम में जगह बनाने वाले ठाकुर ने 12वें ओवर में जिम्बाब्वे को दोहरे झटके दिये। उन्होंने सात ओवर में 38 रन देकर तीन विकेट चटकाये। जिम्बाब्वे के लिए सीन विलियम्स ने 42 गेंद में एक छक्के और तीन चौकों की मदद से 42 रन बनाये। उनके क्रीज पर आने के समय मेजबान का स्कोर 13वें ओवर में चार विकेट पर 31 रन था।

अनियमित ऑफ स्पिनर दीपक हुड्डा ने विलियम्स को आउट किया जिनका कैच डीप स्क्वेयर लेग पर शिखर धवन ने लपका। रियान बुर्ल ने 47 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाये लेकिन दूसरे छोर पर उनका साथ देने के लिये बल्लेबाज नहीं बचे थे। जिम्बाब्वे ने आखिरी तीन विकेट आठ गेंद के भीतर गंवा दिये जिनमें विक्टर एनयुची और तनाका चिवांगा रन आउट हुए।  भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने अगर निराशाजनक प्रदर्शन नहीं किया होता तो जिम्बाब्वे का स्कोर और कम होता। विकेटकीपर संजू सैमसन ने अक्षर पटेल की गेंद पर एक कठिन कैच और स्टम्पिंग का मौका गंवाया। वहीं कुलदीप यादव ने अपनी ही गेंद पर आसान कैच छोड़ा।
 मोहम्मद सिराज ने किफायती गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में 16 रन देकर एक विकेट लिया जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 6.1 ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया।  उछाल भरी हरारे एससी की पिच पर भारतीय गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन किया। पहले तीन ओवर में मेजबान बल्लेबाज एक ही रन बना सके। सिराज ने आठवें ओवर में पहली सफलता दिलाई। इसके बाद ठाकुर और कृष्णा ने विकेट लिये। सकिंदर रजा और विलियम्स की 40 रन की साझेदारी को कुलदीप ने तोड़ा। रजा ने उनकी गेंद पर ईशान किशन को कैच थमाया।
स्कोर बोर्ड (मैन ऑफ द मैच : सैमसन)
ताकुजवनाशे केइतानो का सैमसन बो सिराज     07
इनोसेंट काइया का सैमसन बो ठाकुर     16
वेस्ली माधेवेरे का सैमसन बो कृष्णा     02
रेगिस चकाबवा का गिल बो ठाकुर     02
सकिंदर रजा का इशान बो कुलदीप     16
सीन विलियम्स का धवन बो हुड्डा     42
रेयान बर्ल नाबाद     41
ल्यूक जोंगवे बो ठाकुर     06
ब्रेड इवान्स बो अक्षर     09
विक्टर नयाउची रन आउट     00
तनाका चिवांगा रन आउट     00
अतिरिक्त :     16
कुल : (38.1 ओवर में सभी आउट)     161
विकेट पतन : 1/20, 2/27, 3/29, 4/31, 5/72, 6/105, 7/129, 8/149, 9/156, 10/161
गेंदबाजी : मोहम्मद सिराज 8-2-16-1, प्रसिद्ध कृष्णा 6.1-1-28-1, शार्दुल ठाकुर 7-0-38-3, अक्षर पटेल 7-1-20-1, कुलदीप यादव 8-0-49-1, दीपक हुड्डा 2-0-6-1
भारत :
शिखर धवन का काइया बो चिवांगा     33
केएल राहुल पगबाधा बो एनयुची     01
शुभमन गिल का इवांस बो जोंगवे     33
ईशान किशन बो जोंगवे     06
दीपक हुड्डा बो रजा      25
संजू सैमसन नाबाद     43
अक्षर पटेल नाबाद     06
अतिरिक्त :     20
कुल : (25.4 ओवर में पांच विकेट पर)     167
विकेट पतन : 1/5, 2/47, 3/83, 4/97, 5/153
गेंदबाजी : टनाका चिवांगा 7-0-38-1, विक्टर एनयुची 4-0-32-1, ल्युक जोंगवे 4-0-33-2, ब्रैड इवांस 4-0-21-0, सकिंदर रजा 4-0-16-1, सीन विलियम्स 1-0-13-0, वेसली मेधवेरे 1-0-7-0,  इनोसेंट काइया  0.4-0-6-0

 

भाषा
हरारे


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment