Aman Sehrawat : Paris Olympics में कुश्ती में अमन सेहरावत ने दिलाया भारत को कांस्य पदक

Last Updated 10 Aug 2024 07:10:31 AM IST

अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए अमन सेहरावत ने पेरिस ओलंपिक में कुश्ती में भारत को पहला पदक दिलाते हुए शुक्रवार को 57 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग के कांस्य पदक के मुकाबले में पुएतरे रिको के डारियन तोइ क्रूज को अंकों के आधार पर 13-5 से हरा दिया।


कांस्य पदक मुकाबले के दौरान दांव लगाते भारत के अमन सेहरावत (दाएं)।

 21 वर्ष के अंडर-23 वि चैंपियन अमन सेमीफाइनल में जापान के रेइ हिगुची से 0-10 से हार गए थे। वह पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान थे और उन्होंने निराश नहीं किया।

भारत ने 2008 के बाद से हर ओलंपिक में कुश्ती में पदक जीता है और यह सिलसिला अमन ने जारी रखा। सुशील कुमार ने बीजिंग (2008) में कांस्य, योगेश्वर दत्त ने लंदन (2012) में, साक्षी मलिक ने रियो (2016) ने कांस्य, रवि दहिया और बजरंग पूनिया ने टोक्यो 2021 में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

उन्होंने कांस्य पदक के मुकाबले में शुरू ही से दबाव बनाते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को ज्यादा मौके नहीं दिए। भारत का पेरिस ओलंपिक में यह छठा पदक है।

इससे पहले निशानेबाजी में मनु भाकर (10 मीटर एयर पिस्टल), मनु भारत और सरबजोत सिंह (10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम), स्वप्निल कुसाले (50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस) और भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीते जबकि स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने रजत पदक हासिल किया।

कुश्ती में अंतिम पंघाल (53 किलो), अंशु मलिक (57 किलो) और निशा दहिया (68 किलो) अपने वर्ग के पदक दौड़ में नहीं पहुंच सके। वहीं विनेश फोगाट (50 किलो) फाइनल में पहुंची लेकिन वजन अधिक होने के कारण अयोग्य करार दी गई।

भारत की रीतिका हुड्डा (76 किलो) शनिवार को अपनी चुनौती पेश करेंगी।

भाषा
पेरिस


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment