खेल मंत्री किरण रिजीजू का तीरंदाजों को आश्वासन, फंड की कमी नहीं होगी

Last Updated 19 Jun 2019 04:41:47 PM IST

नये खेल मंत्री किरण रिजीजू ने बुधवार को भारतीय तीरंदाजों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिया कि सरकार उनके प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराएगी।




रिजीजू का तीरंदाजों को आश्वासन

भारतीय तीरंदाजी टीम हाल ही में नीदरलैंड्स के डेन बॉश में संपन्न हुई विश्व चैम्पियनशिप में एक रजत और दो कांस्य सहित तीन पदक के साथ स्वदेश लौटी है।  तरुणदीप राय, अतनु दास और प्रवीण जाधव की तिकड़ी ने पुरुषों की रिकर्व टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने के साथ 2020 ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल किया।         

महिलाओं के वर्ग में ज्योति सुरेखा वेनम के शानदार खेल के दम पर भारत ने महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। इस टीम में मुस्कान किरार और राज कौर दो अन्य सदस्य थे। 22 साल की ज्योति ने इसके बाद एकल मुकाबले में कांस्य पदक हासिल किया।          

टूर्नामेंट में तीरंदाजों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए रिजीजू ने कहा कि सरकार उनके प्रदर्शन में सुधार के लिए कोष मुहैया करायेगी।         

खेल मंत्री ने कहा, ‘‘हम भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन कर चुके तीरंदाजों के साथ उन खिलाड़ियों को भी सहायता प्रदान करना चाहते हैं जिनके पास क्षमता है। हम उन्हें कोचों, प्रशिक्षण सुविधाओं, तकनीकी सहायता और अन्य आवश्यक चीजों के लिए धन मुहैया करवायेंगे। ’’         

 

 

महिला रिकर्व टीम की रैंकिंग हालांकि पुरूष टीम से बेहतर है लेकिन वे विश्व चैम्पियपशिप से ओलंपिक कोटा हासिल नहीं कर सकी। यह कोटा हासिल करने के लिए उनके पास एक और मौका होगा।     

    

रिजीजू ने कहा, ‘‘महिला टीम का आत्मविश्वास काफी बढा हुआ, मैं उनके क्वालीफाई करने को लेकर आस्त हूं। भारत हमेशा से मजबूत रहा है। कई बार आप अच्छा प्रदर्शन कर के भी पदक नहीं जीत पाते हैं क्योंकि किस्मत आपके साथ नहीं होती। लेकिन उनके प्रदर्शन को देखते हुए मैं कह सकता हूं कि वे तोक्यो में पदक जीत सकते हैं।’’         

भारतीय तीरंदाजी संघ ने टूर्नामेंट से पहले नीदरलैंड में ही तीरंदाजों के लिए 11 दिन का शिविर लगाया था जिसका बजट खेल मंत्रालय से मिला था।          

रजत पदक जीतने वाली टीम के सदस्य तरूणदीप राय ने कहा, ‘‘हम टूर्नामेंट शुरू होने से 10 दिन पहले नीदरलैंड पहुंचे थे ताकि वहां की परिस्थितियों से सामांजस्य बैठा सके। इससे हमें काफी मदद मिली। हम सब कुछ अच्छा कर सके। भारत में हम 40 डिग्री सेल्सियस तापमान में अभ्यास करते हैं लेकिन नीदरलैंड में 15-17 डिग्री तापमान था।’’    

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment